मासूम की जान लेकर बुझाया घर का चिराग: पड़ोसी महिला ने दुश्मनी में 2 साल के बच्चे को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 11:10 AM (IST)

शिवहर: बिहार के शिवहर जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक खबर सामने आई है, जहाँ आपसी रंजिश की आग में एक मासूम की बलि चढ़ा दी गई। नगर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में एक महिला ने अपनी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए पड़ोस के महज दो साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। कलेजा चीर देने वाली यह वारदात तब उजागर हुई जब लापता बच्चे की लाश पड़ोसी के घर में एक बोरे से बरामद हुई।

घटना की शुरुआत शुक्रवार दोपहर को हुई, जब ताजपुर निवासी अरुण साह का छोटा बेटा सुजीत कुमार घर के दरवाजे पर खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक वह आंखों से ओझल हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में पुलिस को खबर दी। पुलिस की टीम अभी तलाश कर ही रही थी कि शक की सुई पड़ोस में रहने वाली पार्वती देवी की ओर घूमी। जब पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई; मासूम सुजीत का शव एक बोरे में बंद पड़ा था।

इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह एक महीने पुराना विवाद बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के परिवार और आरोपी महिला के बीच कुछ समय पहले तीखी बहस हुई थी। उस दौरान पार्वती देवी ने कथित तौर पर सुजीत के परिवार का 'वंश खत्म करने' की खौफनाक धमकी दी थी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि वह महिला अपनी इस धमकी को इतनी बेरहमी से अंजाम देगी। सुजीत के पिता अरुण साह रोजी-रोटी के लिए असम के दीमापुर में मजदूरी करते हैं, उन्हें क्या पता था कि घर के आंगन में खेल रहा उनका लाडला अब इस दुनिया में नहीं रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी महिला पार्वती देवी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गांव में तनाव को देखते हुए मौके पर कैंप कर रही है। एक हंसते-खेलते मासूम की इस तरह हत्या से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News