मौत का करंट: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मिनी ट्रक, 2 मजदूरों की गई जान
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 10:26 AM (IST)
Mini Truck Accident MP : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक मिनी ट्रक के 'हाइटेंशन' तार के संपर्क में आने से उसमें करंट फैल गया और इसकी चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ लोगों ने चलते वाहन से कूदकर जान बचाई। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सभी मजदूर रविवार को मिनी ट्रक से मताबसैया थाना क्षेत्र के चंदूपुरा गांव में एक शादी समारोह में जा रहे थे। थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ''पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे थे।''
तोमर ने बताया कि हादसे में विक्की जाटव (18) और आलोक नाई (24) की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि वाहन में सवार आठ अन्य मजदूर बिजली का झटका लगते ही वाहन से नीचे कूद गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब एक ठेकेदार आगरा से मजदूरों को लेकर मुरैना के चंदपुरा निवासी गब्बर सिंह गुर्जर के घर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि रास्ते में गांव के खेतों के पास से गुजरते समय वाहन हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया और यह हादसा हो गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
