बिहारी होने की वजह से किसी की जान ली जाए... यह बर्दाश्त नहीं- डिलीवरी बॉय की हत्या पर बोले चिराग पासवान
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 03:15 PM (IST)
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में डिलीवरी बॉय की हत्या को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। इसे लेकर जहां विपक्ष सवाल उठा रहा है तो वहीं सरकार कार्रवाई की बता कर रही है। इसी कड़ी में केन्द्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार के 21 साल के डिलीवरी बॉय की दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी द्वारा कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने की घटना पर कहा, "यह जितना दुखद है उतना ही निंदनीय है।
बिहारी होने की वजह से किसी की जान ली जाए ये निंदनीय
हमारी पार्टी के सांसद कमेटी दौरे पर थे मगर वे दौरे को बीच में से छोड़कर आज शाम तक पीड़ित परिवार से मिलेंगे। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद वे उनसे जानकारी लेंगे और फिर उसी के आधार पर हम गृह मंत्री से बातचीत करेंगे। इस बात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कि बिहारी होने की वजह से किसी की जान ली जाए... कार्रवाई हुई है... दोनों सरकार इस बात को सुनिश्चित करेगी कि ऐसा दोबारा न हो।आप को बता दें कि दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने मामूली कहासुनी के बाद एक फूड डिलीवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ हादसा
यह पूरी घटना द्वारका के जाफरपुर कलां इलाके की है। जानकारी के अनुसार, रूपेश नामक व्यक्ति अपने बेटे के दूसरे जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक पार्टी दे रहा था, जिसमें करीब 20 मेहमान शामिल हुए थे। केक काटने के बाद जब रात करीब 2:00 बजे मेहमान धीरे-धीरे वापस लौटने लगे, तभी यह विवाद शुरू हुआ। जब कुछ लोग घर के बाहर खड़े होकर कैब का इंतजार कर रहे थे, तभी पास ही किराए पर रहने वाला दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल नीरज वहां पहुंचा। किसी तुच्छ बात को लेकर नीरज का वहां खड़े लोगों से झगड़ा हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि नीरज ने आपा खो दिया और अचानक गोली चला दी।
एक ही गोली से दो लोग हुए शिकार
हवलदार नीरज द्वारा चलाई गई गोली वहां मोटरसाइकिल पर बैठे पांडव कुमार के सीने को चीरती हुई निकल गई और उसके पीछे बैठे कृष्णा के पेट में जा लगी। आनन-फानन में दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया। घायल कृष्णा का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद एक्शन में आई दिल्ली पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पड़ता में जुट गई है।
