शाह बोले- नगालैंड से AFSPA को हटाने का काम किया शुरू, आतंकी वारदातों में 74 फीसदी की कमी

punjabkesari.in Friday, Jan 06, 2023 - 10:39 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने नागालैंड में शांति, प्रगति और समृद्धि स्थापित करने के अपने लक्ष्य में सफलता हासिल की है। शाह ने आज नागालैंड में 52 करोड़ रुपये के पांच विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले आठ वर्षों में 51 से अधिक बार विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा किया है तथा इस क्षेत्र को बुनियादी ढांचे की बड़ी परियोजनाएं देकर देश की मुख्यधारा से जोड़ने के सफल प्रयास किये हैं , जिसके परिणाम भी सामने आए हैं।

शाह ने कहा कि नागालैंड विभिन्न प्रकार की जनजातियों की संस्कृतियों के मिलन की भूमि है। यह दुनिया के 25 प्रसिद्ध जैव विविधता क्षेत्रों में से एक है जो इसे अपार पर्यटन क्षमता प्रदान करता है। नागालैंड अपने नागरिकों के लिए भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां की संस्कृति, संस्कृति और महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिया जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज यहां 52 करोड़ रुपये के पांच विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। मोदी सरकार के विकास के द्दष्टिकोण के कारण वर्तमान में पूर्वोत्तर के सभी राज्य विकास के पथ पर हैं। उन्होंने कहा कि एक समय पूरा उत्तर पूर्व चरमपंथी समूहों के कारण अशांति का सामना कर रहा था, लेकिन आज मोदी ने न केवल पूरे क्षेत्र को भौतिक संपर्क दिया है, बल्कि दिलों को भी जोड़ा है तथा देश और पूर्वोत्तर हिस्सों के बीच मानसिक दूरी को पाट दिया है। केंद्र सरकार की ओर से 2014 से 2022 तक आठ वर्षों के दौरान नागालैंड को आवंटित धन में 2004-2014 की अवधि की तुलना में चार गुना वृद्धि हुई है।

शाह ने कहा कि नागालैंड में 2014 की तुलना में 2021 में आतंकवाद की घटनाओं में 74 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों की मौतों की संख्या में क्रमश: 60 और 84 प्रतिशत की कमी आई है, जो दर्शाता है कि राज्य में कानून व्यवस्था बहाल हुई है। केंद्र सरकार ने नागालैंड राज्य से धीरे-धीरे एएफएसपीए को हटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ जन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी फोकस किया है। जल जीवन मिशन के तहत राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में 2.18 लाख परिवारों को नल का जल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा केंद्र सरकार आयुष्मान योजना के तहत तीन लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य खर्च प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 54,636 परिवारों को आवास मुहैया कराये जा रहे हैं और इनमें से 15,000 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इस अवसर पर नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News