School Closed Jharkhand: 10 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी स्कूल, बढ़ती ठंड को देखते प्रशासन ने लिया फैसला

punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2026 - 08:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शीतलहर की चेतावनी के बीच रांची जिले में सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिला प्रशासन ने गुरुवार (8 जनवरी) को निर्देश जारी करते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी शीतलहर के अलर्ट के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, यह आदेश रांची में संचालित सभी श्रेणियों के स्कूलों पर लागू होगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि रांची जिले के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक संस्थानों सहित) और निजी स्कूलों में केजी से लेकर कक्षा 12 तक की सभी कक्षाएं 10 जनवरी तक पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे पहले प्रशासन ने 8 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया था, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।

रांची सहित 13 जिलों में येलो अलर्ट

आईएमडी ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक रांची समेत राज्य के 13 जिलों के लिए शीतलहर का अपडेटेड ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जिन जिलों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।

न्यूनतम तापमान में फिलहाल राहत नहीं

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में निचले क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ा है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

हजारीबाग रहा सबसे ठंडा

राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान हजारीबाग में 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खूंटी में 3.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 3.4 डिग्री और लोहरदगा में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बोकारो और चाईबासा में क्रमशः 6.4 और 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और गुमला समेत नौ जिलों के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से अगले दिन उसी समय तक शीतलहर की चेतावनी भी जारी की है। ठंड के इस बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News