Jharkhand: सरकारी स्कूल में फेयरवेल पार्टी में मर्यादा तार-तार, वायरल क्लिप्स में टीचर की छात्रा के साथ शर्मनाक हरकतें कैद

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 09:42 AM (IST)

School Farewell Party: झारखंड के गढ़वा जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने शिक्षा व्यवस्था और गुरु-शिष्य की परंपरा को शर्मसार कर दिया है। जहाँ स्कूलों को संस्कार और ज्ञान का केंद्र माना जाता है, वहीं मेराल प्रखंड के सोहबरिया गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में विदाई समारोह के नाम पर जो कुछ हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। आठवीं कक्षा के छात्रों की विदाई के लिए आयोजित कार्यक्रम में न केवल अश्लील भोजपुरी गानों पर डीजे बजाया गया, बल्कि खुद शिक्षक भी छात्रों के साथ सारी मर्यादाएं भूलकर थिरकते नजर आए।

मर्यादा की सीमा लांघता विदाई समारोह
मामला 1 मार्च का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है। वायरल क्लिप्स में देखा जा सकता है कि स्कूल परिसर के भीतर ही भारी-भरकम डीजे सेटअप लगाया गया था। बैकग्राउंड में 'लहरिया लूट ए राजा' जैसे दोहरे अर्थ वाले अश्लील गाने गूंज रहे थे और छात्राएं उन पर डांस कर रही थीं। चौंकाने वाली बात यह थी कि बच्चों को रोकने के बजाय स्कूल के हेडमास्टर खुद उनके साथ ताल से ताल मिला रहे थे।

कैमरे में कैद हुई शर्मनाक हरकतें
वायरल हुए आधा दर्जन से अधिक वीडियो क्लिप्स में अनुशासन की धज्जियां उड़ती साफ देखी जा सकती हैं। एक तरफ जहां हेडमास्टर साहब डांस में मशगूल थे, वहीं एक अन्य शिक्षक हाथ में छड़ी (डंडा) लिए दूसरे हाथ से मोबाइल पर इस पूरे मंजर की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब एक शिक्षक छात्राओं को गोद में उठाते हुए भी दिखाई दिए। शिक्षकों की इस हरकत ने न केवल स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोग इसे 'शिक्षा के मंदिर का अपमान' बता रहे हैं।

आक्रोश और कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद पूरे जिले में बवाल मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि विदाई समारोह के नाम पर अश्लील गानों को बढ़ावा देना और शिक्षकों का उसमें शामिल होना गंभीर चिंता का विषय है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर स्कूल में ही इस तरह का माहौल मिलेगा, तो बच्चों के भविष्य और चरित्र का निर्माण कैसे होगा?

प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जाएगी और वीडियो में दिख रहे शिक्षकों व हेडमास्टर की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, यह वीडियो शिक्षा विभाग के लिए गले की फांस बना हुआ है और लोग दोषियों को जल्द से जल्द निलंबित करने की मांग कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News