राज्यसभा चुनाव 2018: छत्तीसगढ़ में खिला कमल, सरोज पाण्डेय की हुई जीत

punjabkesari.in Friday, Mar 23, 2018 - 07:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राज्यसभा की 58 सीटों के लिए मतदान खत्म हो चुका है। कई राज्यों में वोटों की गिनती शुरू हो गई हैै। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा की एक सीट पर आज हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की उम्मीदवार सरोज पाण्डेय निर्वाचित हुई है। पाण्डेय ने सीधे मुकाबले में कांग्रेस के लेखराम साहू को 14 मतों से शिकस्त दी। 

सरोज पाण्डेय को मिले 51 मत 
सुश्री पाण्डेय को 51 मत तथा कांग्रेस प्रत्याशी लेखराम साहू को 36 मत प्राप्त हुए। असम्बद्द सदस्य अमित जोगी एवं कांग्रेस के दो सदस्यों आर.के.राय एवं सियाराम कौशिक ने मतदान का बहिष्कार किया। भाजपा को अपनी सदस्य संख्या से दो मत अधिक हासिल हुए। विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 49 है,जबकि जीतने के लिए 46 मत की आवश्यकता थी। उन्हे निर्दलीय विमल चोपड़ा ने भी पहले ही वोट देने का ऐलान कर दिया था।इससे भाजपा को 50 वोट मिलने की उम्मीद थी लेकिन उसे 51 मत हासिल हुए। 

भाजपा उम्मीदवार की तय थी जीत 
वहीं कांग्रेस के 38 विधायक थे और एक असम्बद्द सदस्य अमित जोगी एवं एक इकलौते बसपा सदस्य ने भी कल देर रात भाजपा के खिलाफ मत देने का ऐलान किया था इससे उसे 40 मत मिलने की संभावना थी। विधानसभा में सदस्यों की संख्या के हिसाब से भाजपा उम्मीदवार की जीत पहले ही तय थी लेकिन कांग्रेस ने इसके बाद भी उम्मीदवार उतारा था। मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने पहले ही दावा किया था कि भाजपा प्रत्याशी को उसके सदस्यों से अधिक मत हासिल होंगे उनका कथन सही साबित हुआ। 

बसपा सदस्य ने भी दिए वोट 
राज्य के लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार को बसपा सदस्य ने भी वोट दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने परिणाम घोषित होने के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में अपने वोटरों तक को एकजुट नही रह सकती। वहीं निर्वाचित सासंद सुश्री पाण्डेय ने अपने पक्ष में मतदान करने वाले भाजपा एवं दूसरे सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते किया। उन्होने आगे की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल वह भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव है और महाराष्ट्र की पार्टी प्रभारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News