भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पांच दिवसीय ''जन संघर्ष पदयात्रा'' पर निकले सचिन पायलट

punjabkesari.in Friday, May 12, 2023 - 02:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बढ़ाते हुए पार्टी नेता सचिन पायलट ने अपनी 'जन संघर्ष पदयात्रा' बृहस्पतिवार दोपहर को अजमेर से शुरू की। उन्‍होंने कहा कि उनकी यह पांच दिन की यात्रा 'भ्रष्टाचार के विरोध में' है और बताया कि 'अपनी आवाज उठाने, आपकी आवाज सुनने और जनता की आवाज बनने के लिए' यह यात्रा निकाली जा रही है। बड़ी संख्या में समर्थक, इस यात्रा में पायलट के साथ चल रहे हैं।

वह पहले दिन अजमेर से किशनगढ़ के तोलामल गांव तक करीब 25 किमी पैदल चले जहां उनके रात्रि विश्राम के लिए टेंट की व्यवस्था की गई है। एक महीने पहले, पूर्व उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के शासन काल में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर “निष्क्रियता” पर गहलोत को निशाना बनाते हुए एक दिन का अनशन रखने के लिए पार्टी की चेतावनी को खारिज कर दिया था। यात्रा शुरू करने से पहले पायलट ने अजमेर में जयपुर रोड पर अशोक उद्यान के पास एक सभा की।

इसमें उन्‍होंने कहा क‍ि यात्रा क‍िसी (व्यक्ति विशेष) के विरोध में नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया इसलिए उसे वहां बहुमत मिलने वाली है। पायलट ने कहा, ‘‘अपनी आवाज उठाने के लिए, आपकी आवाज सुनने के लिए, जनता की आवाज बनने के लिए हम लोगों ने यह यात्रा निकाली है।'' उन्‍होंने कहा, ‘‘जन संघर्ष यात्रा किसी के विरोध में नहीं है। जन संघर्ष यात्रा भ्रष्टाचार के विरोध में है।

पायलट ने यहां मंगलवार को इस यात्रा की घोषणा करते हुए कहा था कि वह भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते रहेंगे और 11 मई से अजमेर से जयपुर के बीच जन संघर्ष पदयात्रा निकालेंगे। पायलट के अनुसार इस घोषणा के बाद लोगों ने उनसे कहा कि आप इतनी कड़ी गर्मी में पदयात्रा करना चाहते हैं तो मैंने कहा, ‘‘राजनीति आग का दर‍िया है जिसे तैर कर पार करना पड़ेगा।'' टोंक विधायक के ट्रेन से अजमेर पहुंचने पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया गया। उन्होंने अजमेर -जयपुर राजमार्ग पर एक सभा को संबोधित किया।

यात्रा शुरू होते ही पार्टी के हजारों कार्यकर्ता उनकी यात्रा में शामिल हुए। कुछ ने तिरंगा थामा और उनके समर्थन में नारेबाजी की। पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी व स्थानीय नेता महेंद्र रालवता मौजूद रहे। लेकिन पायलट के समर्थक विधायक अजमेर से दूर रहे। कुछ वाहनों पर 'जन संघर्ष यात्रा' के पोस्टरों में पायलट की एक बंद मुट्ठी वाली तस्वीर के साथ-साथ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू की तस्वीरें थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News