दिल्ली की महिलाओं के लिए 2500 रुपये की योजना पर बड़ा अपडेट, केवल ये महिलाएं होंगी पात्र
punjabkesari.in Thursday, Mar 06, 2025 - 10:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली की महिलाओं के लिए 2500 रुपये की आर्थिक सहायता योजना को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। इस योजना की घोषणा भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली चुनाव के दौरान की थी, जिसमें वादा किया गया था कि सत्ता में आने के बाद हर महिला को 2500 रुपये की सहायता दी जाएगी। यह योजना अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) को लागू होने की बात कही गई थी, लेकिन इसे लेकर अब भी कई सवाल उठ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) इस योजना में हो रही देरी को लेकर बीजेपी पर लगातार निशाना साध रही है और जनता को याद दिला रही है कि इस वादे को पूरा करने के लिए कितने दिन शेष हैं।
किन महिलाओं को मिलेगा 2500 रुपये?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो निम्नलिखित पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं:
- सालाना आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
- आयकर दाता नहीं होनी चाहिए।
- 18 से 60 साल की उम्र के बीच होनी चाहिए।
- सरकारी नौकरी में नहीं होनी चाहिए।
- सरकार से पहले से कोई अन्य आर्थिक सहायता नहीं ले रही हो।
दिल्ली की महिलाओं को ₹2500 मिलने में बस 3 दिन और…‼️
प्रधानमंत्री मोदी ने 30 जनवरी को कहा था कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में महिलाओं को 2,500 रुपये देने की योजना पास करेंगे और 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर वे यह रकम उनके बैंक खातों में ट्रांसफर… pic.twitter.com/7PMpfA0Tt2
— AAP (@AamAadmiParty) March 5, 2025
सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना का लाभ करीब 15 से 20 लाख महिलाओं को मिलने का अनुमान है।
योजना को लेकर क्या चल रहा है काम?
सरकार इस योजना को लागू करने के लिए तेजी से काम कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि योजना की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। कैबिनेट नोट तैयार किया जा रहा है और इसे मंत्रिपरिषद की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बताया जा रहा है कि यह योजना मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद की पहली कैबिनेट बैठक में चर्चा के लिए रखी गई थी।
सूत्रों के अनुसार, योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है। यह सॉफ्टवेयर पात्र महिलाओं की पहचान करने और उनके फॉर्मों का सत्यापन करने के लिए उपयोग किया जाएगा। इसके लिए सरकार विभिन्न विभागों से डेटा एकत्र कर रही है।
सरकारी अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में 72 लाख से अधिक महिलाएं पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से लगभग 50% ने वोट डाला था। इस योजना के तहत करीब 20 लाख महिलाएं पात्रता मानदंडों को पूरा कर सकती हैं।
AAP ने बीजेपी सरकार को घेरा, लगाए पोस्टर
इस योजना में हो रही देरी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। बुधवार को AAP कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में कई फ्लाईओवर पर पोस्टर लगाए, जिनमें लिखा है— "सिर्फ तीन दिन और।"
AAP नेता और पूर्व विधायक ऋतुराज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 30 जनवरी की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने खुद वादा किया था कि सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट बैठक में यह योजना पास होगी और 8 मार्च को महिलाओं के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।
झा ने कहा, "अब केवल तीन दिन बचे हैं और हर कोई जानना चाहता है कि उन्हें राशि कब मिलेगी। दिल्ली की हर महिला अपने बैंक खाते में 2,500 रुपये आने का इंतजार कर रही है।"
क्या 8 मार्च को महिलाओं के खातों में आएंगे 2500 रुपये?
अब सवाल यह उठता है कि क्या वाकई 8 मार्च को यह योजना लागू होगी और महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे? सरकार की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है, लेकिन तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।