Bridge Collapsed: उत्तरी दिल्ली में बना ब्रिज अचानक भरभरा कर गिरा, पुल पार कर रही एक महिला भी गिरी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 12:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के रूपनगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार की सुबह ब्लॉक-3 में मदर डेयरी के पास स्थित एक पुराना लोहे का फुटओवर ब्रिज अचानक भरभरा कर गंदे नाले में जा गिरा। हादसे के वक्त पुल पार कर रही एक महिला भी मलबे के साथ गहरे नाले में समा गई, जिसकी तलाश के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सुबह-सुबह मची चीख-पुकार
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 9:30 बजे इस हादसे की सूचना मिली। चश्मदीदों के मुताबिक, पुल काफी पुराना था और अचानक हुए इस धराशायी ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और दिल्ली पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया है, जो नाले के भीतर महिला को खोजने की कोशिश कर रही है।
बचाव कार्य और प्रशासन की सख्ती
हादसे वाली जगह पर भारी भीड़ जमा न हो और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए, इसके लिए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। नाले का बहाव और मलबे की वजह से लापता महिला को ढूंढने में टीमों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रशासन का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता महिला को सुरक्षित बाहर निकालना है।
