महंगाई के बीच राहत: Ujjwala Yojana की महिलाओं को 613 रुपये में मिलेगा सिलेंडर- करोड़ों ग्राहकों को फायदा
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 09:27 AM (IST)
Ujjwala Yojana: दुनिया के हालातों और मिडिल ईस्ट में मचे घमासान ने भारत में ईंधन की चिंता बढ़ा दी थी, जिसके चलते हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में उछाल देखने को मिला। केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी की है। इस बदलाव के बाद दिल्ली में अब घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि, बाजार में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को लेकर कुछ चुनौतियां सामने आ रही हैं, लेकिन आम जनता के लिए सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं को 613 रुपये में मिलेगा सिलेंडर
इस महंगाई के बीच प्रधानमंत्री Ujjwala Yojana के करोड़ों लाभार्थियों के लिए एक सुकून भरी खबर यह है कि उन्हें मिलने वाली 300 रुपये की सब्सिडी पहले की तरह जारी रहेगी। इसका मतलब है कि जहां आम उपभोक्ता को सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है, वहीं Ujjwala Yojana से जुड़ी महिलाओं को यह सिलेंडर महज 613 रुपये की प्रभावी कीमत पर पड़ेगा। 2016 में शुरू हुई इस खास योजना ने आज देश के 10 करोड़ से ज्यादा परिवारों को धुएं से आजादी दी है, और सरकार अब भी उनके बैंक खातों में सीधे सब्सिडी भेजकर आर्थिक मदद सुनिश्चित कर रही है।
ईंधन की कोई कमी नहीं
सरकार ने केवल सब्सिडी ही नहीं, बल्कि सप्लाई को लेकर भी मोर्चा संभाल लिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि देश के पास रसोई गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सप्लाई चेन में कोई रुकावट न आए, इसके लिए भारतीय रिफाइनरियों ने LPG का उत्पादन 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी साफ किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और सरकार हर स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सिलेंडर के लिए भीड़ न लगाएं।
अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो आवेदन की प्रक्रिया बहुत सरल है। इच्छुक ग्राहक Ujjwala Yojana की आधिकारिक वेबसाइट https://pmuy.gov.in पर जाकर खुद मुफ्त में फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी मात्र 20 रुपये के मामूली शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकता है। योजना के तहत पहली बार गैस कनेक्शन लेने पर रेगुलेटर, पाइप और चूल्हा जैसी जरूरी चीजें बिल्कुल मुफ्त दी जाती हैं।
