क्या 2027 की तैयारी में हैं अखिलेश यादव? महिलाओं के लिए किया बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 02:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को 'पीडीए' में 'ए' का मतलब 'आधी आबादी' बताया और कहा कि इनको समृद्ध करने के लिए 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' लाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान 'पीडीए' शब्द पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों को संबोधित करने के लिए गढ़ा था।
<
आधी आबादी की पूरी आज़ादी व उनकी हिफ़ाज़त के साथ-साथ उनके हक़-अधिकार, सशक्तीकरण व सबलीकरण के लिए हम सब सदैव कटिबद्ध-प्रतिबद्ध रहे हैं और रहेंगे। जब परिवार-समाज और देश को मज़बूत करनेवालों को सम्मान मिलता है तो उनका मान और मनोबल दोनों बढ़ता है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 23, 2026
हम PDA में शामिल ‘A’ मतलब ‘आधी आबादी’… pic.twitter.com/cLY2Hwz6XF
>
यादव ने 'एक्स' अग्रणी महिलाओं के साथ अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव समेत खुद की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ''आधी आबादी की पूरी आजादी व उनकी हिफाजत के साथ-साथ उनके हक-अधिकार, सशक्तीकरण व सबलीकरण के लिए हम सब सदैव कटिबद्ध-प्रतिबद्ध रहे हैं और रहेंगे।" उन्होंने कहा, "जब परिवार-समाज और देश को मजबूत करने वालों को सम्मान मिलता है तो उनका मान और मनोबल दोनों बढ़ता है। हम पीडीए में शामिल 'ए' मतलब 'आधी आबादी' अर्थात हर बच्ची, युवती, नारी, महिला को सामाजिक-आर्थिक रूप से समान सम्मान देने और अपने पैरों पर खड़े होने व उन्हें समृद्ध करने के लिए 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' लाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ''समाजवादी पेंशन'' को फिर से लाकर हम महिलाओं की ताकत बढ़ाएंगे और साथ ही 'उप्र की संपूर्ण उन्नति' के अपने संकल्प को निभाएंगे।
