घोषणापत्र में अफस्पा हटाने का वादा पड़ा कांग्रेस को भारी

punjabkesari.in Saturday, Jun 01, 2019 - 07:27 PM (IST)

साम्बा (संजीव): लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांगे्रस की पहली बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मंजीत सिंह ने साफगोई से माना कि पार्टी द्वारा कश्मीर में अफस्पा (सुरक्षाबलों को मिले विशेषाधिकार) को हटाने का वादा गैर-जरूरी था जो कांग्रेस को भारी पड़ा क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देशभर में मुद्दा बनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिंह ने सहयोगी नेकां द्वारा राज्य में अलग प्रधानमंत्री बनाए जाने का मु्द्दा भी कांग्रेस के खिलाफ गया और नेकां के इस बयान ने कांग्रेस काफी नुक्सान पहुुंचाया। 


    पूर्व मंत्री मंजीत सिंह ने कहा कि भाजपा व प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया के जरिए देश की जनता को लगातार गुमराह किया और कांग्रेस के खिलाफ माहौल जिससे राष्ट्रीय स्तर पर देश की जनता ने मन बनाया कि मोदी सरकार को एक और मौका दिया जाए। हालांकि उन्होंने दावा किया देश की जनता कांग्रेस को दोबारा मौका देगी जनता जानती है कि कांग्रेस के पास ही देश के लोगों के लिए नीतियाँ और कार्यक्रम है, इसी पार्टी ने देश को आजाद करवाया और धर्मनिरपेक्षता को मजबूत बनाते हुए देश की एकता-अखंडता के लिए कुबार्नियाँ भी दी।     


    इससे पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि हार से सबक लेते हुए पार्टी मजबूती से आगे बढ़ेगी और देश के लोगों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी कहा कि वह मायूस न हों और पुन: संगठन की मजबूती के लिए काम में जुट जाएं। उन्होंने बिजली-पानी संकट पर भी प्रशासन को निशाना बनाया और अन्य समस्याओं को जोरशोर से उठाया। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बब्बल गुप्ता, ब्लाँक प्रधान-विजयपुर मोहनलाल शर्मा, ब्लाँक प्रधान-रामगढ़़ बचन चौधरी, ब्लाँक प्रधान-बड़ी ब्राहमणा बाबू राम भगत, बिल्लू चौधरी, स्वर्ण सिंह, कृष्णलाल टोहरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, शिव कुमार, शामलाल, बृजमोहन दत्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता मौजूद रहे।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Monika Jamwal

Recommended News

Related News