Delhi Protest At Air Pollution: रेड जोन दिल्ली! प्रदूषण के विरोध में इंडिया गेट पर हंगामा, कई लोग हिरासत में लिए गए
punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 07:55 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली में वायु गुणवत्ता का स्तर लगातार गंभीर होता जा रहा है। राजधानी के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के करीब पहुंच गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है और स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है।
रविवार शाम को प्रदूषण के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन हुआ। इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारी इंडिया गेट की ओर मार्च निकालते हुए सरकार से मांग कर रहे थे कि राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी नीतियां बनाई जाएं।

पुलिस ने इंडिया गेट पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार इंडिया गेट प्रदर्शन स्थल नहीं है। प्रदर्शन के लिए केवल जंतर मंतर को अधिकृत स्थान के रूप में तय किया गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर मंतर की ओर जाने के लिए कहा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को हिरासत में लिया।

स्थायी समाधान की मांग उठी
प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने कहा कि राजधानी की हवा अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग सांस लेने में दिक्कत महसूस कर रहे हैं और सरकार अब तक कोई ठोस नीति नहीं बना रही। प्रदूषण रोकने के लिए किए गए कुछ उपाय जैसे क्लाउड सीडिंग या पानी छिड़कना अस्थायी साबित हुए हैं।
#WATCH | Delhi | A resident of Delhi says, "The AQI is touching heights... We are being evacuated and not allowed to protest peacefully here... Common people are dying. Yet the government is not designing any policies and hiding the data. They are sprinkling water at the data… https://t.co/TLtClPblVp pic.twitter.com/tMJmxQAa0X
— ANI (@ANI) November 9, 2025
AAP का बीजेपी पर आरोप
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषण की समस्या दिल्ली में लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब पहली बार बुद्धिजीवी वर्ग इस तरह सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहा है। उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि जब हवा की गुणवत्ता सबसे खराब होती है, तो सरकार जानबूझकर AQI डेटा छिपा देती है। भारद्वाज ने इसे जनता के सामने "डेटा में हेराफेरी" करार दिया।

दिल्ली का AQI डेटा (1–8 नवंबर)
1 नवंबर: 322
2 नवंबर: 330
3 नवंबर: 340
4 नवंबर: 350
5 नवंबर: 360
6 नवंबर: 361
7 नवंबर: 391
8 नवंबर: 361
#WATCH | Residents of Delhi protest at India Gate, demanding that the government formulate policies to curb air pollution in the National Capital region. pic.twitter.com/d04vjUd67X
— ANI (@ANI) November 9, 2025
प्रदूषण का असर और लोगों की मांगें
दिल्ली के कई इलाकों में हवा इतनी खराब हो गई है कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। प्रदूषण के खिलाफ हुए प्रदर्शन में लोगों का गुस्सा साफ झलक रहा था। नागरिकों ने सरकार से मांग की कि प्रदूषण को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दीर्घकालिक नीति बनाई जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और इसे नियंत्रित करने के लिए तत्काल और ठोस उपाय जरूरी हैं। फिलहाल प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है, लेकिन जनता साफ हवा की मांग कर रही है।
