Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में सांस लेना मुश्किल! 35 इलाकों में AQI 400 पार...इन राज्यों में शीतलहर का कहर
punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 10:39 AM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली और एनसीआर में ठंड और प्रदूषण का डबल प्रहार जारी है। राजधानी में बढ़ती ठंड के साथ-साथ वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। नागरिकों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 11°C रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर:
आज भी राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 400 के पार है। सबसे खराब स्थिति बवाना में 462, वजीरपुर में 460, आनंद विहार में 442 और मुंडका में 450 दर्ज की गई। अलीपुर 434, अशोक विहार 435, चांदनी चौक 412, द्वारका-सेक्टर 8 445 और आईटीओ 441 पर है। कुल 35 इलाकों में AQI 400 से ऊपर है, जो ‘सिरियस’ या रेड जोन श्रेणी में आता है। नोएडा में AQI 413, गुरुग्राम में 331 और गाजियाबाद में 386 दर्ज किया गया। aqi.in के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 717 तक पहुंच गया है, जो अत्यधिक खतरनाक स्तर है।
पहाड़ी राज्यों और शीतलहर का हाल:
उत्तराखंड में 14 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। हिमाचल प्रदेश के कांगडा, मंडी, सोलन और हमीरपुर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे चला गया है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 11 और 12 नवंबर को शीतलहर की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी इसी अवधि में ठंड का असर बढ़ सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 11 से 14 नवंबर तक ठंड बढ़ने की चेतावनी है। झारखंड और ओडिशा में 12 नवंबर को शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। तेलंगाना में अगले 2-3 दिनों में तापमान 3-4°C गिर सकता है।
बारिश और अन्य राज्यों का मौसम:
केरल, माहे और लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज और बिजली गिरने की चेतावनी है। महाराष्ट्र और गुजरात में अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3°C कम रहने का अनुमान है।
