छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला और राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज, पढ़िए अब तक की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Oct 30, 2018 - 03:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दूरदर्शन की टीम पर नक्सली हमले से लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज होने तक, हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढ़िए देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की अब तक की बड़ी खबरें।

छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में दो जवान शहीद, एक पत्रकार की मौत
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों के घात लगाकर किए गए हमले में आज एक सहायक पुलिस निरीक्षक और एक जवान शहीद ​हो गए। वहीं, एक पत्रकार की मौत की भी खबर सामने आई है। पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है।  

'कन्फ्यूज' राहुल गांधी पर शिवराज के बेटे ने दर्ज कराया मानहानि का केस
पनामा पेपर्स मामले में शिवराज सिंह चौहान के बेटे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगाने को लेकर मानहानि का मामला दर्ज कराया है। वहीं, सीएम शिवराज ने कहा है कि अगर राहुल माफी मांगते हैं तो केस वापस लेने पर मैं विचार करूंगा।

SC का निर्देश- राज्य सरकार तय करे दिवाली पर पटाखे जलाने का समय
उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को दीपावली पर पटाखे फोडऩे के लिए रात आठ बजे से 10 बजे तक का समय तय करने संबंधी अपने आदेश में बदलाव किया। शीर्ष अदालत ने कहा कि तमिलनाडु, पुड्डुचेरी जैसे स्थानों पर पटाखे फोड़ने के समय में बदलाव होगा, लेकिन यह अवधि दिन में दो घंटे से अधिक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तय करेगी कि पटाखे 2 घंटे में कब चलाए जाएंगे। 

मालेगांव ब्लास्ट मामला: पुरोहित समेत सातों आरोपी के खिलाफ आरोप तय
एनआईए की विशेष अदालत ने वर्ष 2008 के मालेगांव बम धमाका मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित, साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर समेत सातों आरोपियों पर आतंकी साजिश रचने के आरोप तय कर दिए हैं। इन सब पर 302 और 307 समेत कई धाराएं लगाई गईं। हालांकि, सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगाए आरोपों से इनकार किया है। 

टल सकता था इंडोनेशिया विमान हादसा, मौत ने पहले ही दे दिए थे संकेत 
इंडोनेशिया में लॉयन एयरलाइन्स का एक यात्री विमान जकार्ता से पंगकल पिनांग जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो कर समुद्र में गिर गया, जिसमें 189 लोगों के मारे जाने की आशंका है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विमान सुबह 6.20 बजे जकार्ता से पंगकल पिनांग के लिए रवाना हुआ।

इंडोनेशिया विमान दुर्घटना: गोताखोरों ने 10 बैगों में भरे मानव अवशेष, तलाश जारी
इंडोनेशियाई खोज दल ने समुद्र में उस स्थान से मंगलवार को और मानव अवशेष बरामद किए, जहां लायन एयर का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में 189 लोग सवार थे। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि विमान में एक दिन पहले तकनीकी गड़बड़ी आई थी। कुछ महीने पहले ही परिचालन में आया बोइंग-737 एमएएक्स सोमवार को उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद जावा सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

श्रीलंका में सियासी घमासान तेज, पेट्रोलियम मंत्री अर्जुन रणतुंगा गिरफ्तार
श्रीलंका में सियासी घमासान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पुलिस ने बर्खास्त पेट्रोलियम मंत्री अर्जुन रणतुंगा को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर ये कार्रवाई सिक्योरिटी स्टाफ की गोली से एक कार्यकर्ता की मौत होने के बाद की गई है। दरअसल, श्रीलंका में राजनीतिक संकट रविवार को हिंसक हो गया था। कोलंबो में रणतुंगा को अगवा करने की कोशिश हुई थी। इस बीच फायरिंग भी की गई, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए।

CBI के बाद अब RBI में बवाल, कर्मचारी यूनियन ने कहा- बैंक की आजादी न छीने सरकार
सीबीआई में चल रहे घमासान के बाद अब रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (आरबीआई) सरकार के खिलाफ मुखर होती दिख रही है। रिज़र्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि सरकार बैंक के कामकाज में दखल दे रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने सरकार को चेताया भी है कि ऐसा हुआ तो इसके बुरे नतीजे देखने को मिल सकते हैं।

आज भी गिरा तेल का दाम, जानिए पेट्रोल-डीजल की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को पेट्रोल 20 पैसे और डीजल सात पैसे सस्ता हो गया। पेट्रोल के दाम लगातार 13वें दिन घटे हैं और इस दौरान दिल्ली में यह 3.08 रुपए प्रति लीटर सस्ता हुआ है। इन 13 दिनों में डीजल के दाम 2.91 रुपए प्रति लीटर कम हुए हैं।

सानिया मिर्जा ने दिया बेटे को जन्म, फराह ने बधाई देते कहा- 'मैं खाला बन गई'
टेनिस प्लेयर सानिया मिर्जा ने आज बेटे को जन्म दिया। इस बात की जानकारी खुद सानिया के पति शोएब मलिक ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए दी। उन्होंने लिखा- "बहुत उत्सुकता के साथ बता रहा हूं, बेटा हुआ है और मेरी प्यारी बहुत अच्छी है, हमेशा की तरह स्ट्रॉन्ग है।" उन्होंने बताया कि बेटा और मां दोनों स्वस्थ हैं। वहीं, हाल ही में फिल्ममेकर फराह खान ने भी सानिया को बधाई देते हुए एक तस्वीर शेयर की।

महान क्रिकेटर की कोहली को सलाह- वर्ल्ड कप जीतना है तो धोनी को टीम में रखो
विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी को विंडीज आैर आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया। इसी के साथ अटकलें लगने लगीं कि अब धोनी का क्रिकेट करियर अंतिम पड़ाव पर आ चुका है आैर वह जल्द ही क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। लेकिन भारत के महान क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर का मानना है कि धोनी का 2019 विश्व कप में खेलना बेहद जरूरी है, क्योंकि विराट कोहली को उनकी जरूरत है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News