अमित शाह, राहुल गांधी आज तमिलनाडु दौरे पर जाएंगे, रोड शो और जनसभा करेंगे संबोधित, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2024 - 05:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी क्रमश: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) नीत मोर्चा के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए तमिलनाडु का दौरा करेंगे। अमित शाह शुक्रवार और शनिवार को रोड शो करेंगे और चुनावी सभा को संबोधित करेंगे, वहीं राहुल शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री कल दोपहर मदुरै पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा शिवगंगा जाएंगे और लगभग एक घंटे तक रोड शो करेंगे और राजग उम्मीदवार इंथिया मक्कल कालवी मुनेत्र कषगम (आईएमकेएमके) के देवनाथन यादव के लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद शाह मदुरै लौटेंगे और भाजपा उम्मीदवार रामा श्रीनिवासन के समर्थन में एक रोड शो करेंगे एवं बाद में वह प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करेंगे।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
PM मोदी आज उधमपुर में चुनाव प्रचार करेंगे 

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को उधमपुर में चुनाव प्रचार करेंगे और इसके लिए ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध सहित सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये जा रहे हैं। मोदी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के लिए प्रचार करेंगे। सिंह चुनाव के पहले चरण में जम्मू-कश्मीर की उधमपुर लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को उधमपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे और सुरक्षा एजेंसियों ने खतरे की आशंका के मद्देनजर रैली में शामिल होने वाले लोगों और सुरक्षा कर्मियों के लिए परामर्श और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। अधिकारियों ने बताया कि मोदी शुक्रवार सुबह बट्टल बलियान इलाके में एक रैली को संबोधित करने के लिए उधमपुर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि रैली के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

केजरीवाल की गिरफ्तारी से दिल्ली के लोग 'बेहद गुस्से' में हैं : आतिशी
आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली के लोगों में ''बहुत गुस्सा'' है और वे लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देंगे। आतिशी ने कालकाजी इलाके में पार्टी के 'जेल का जवाब, वोट से' अभियान में भाग लेते हुए कहा कि लोग समझते हैं कि केजरीवाल को 'झूठे' मामले में गिरफ्तार किया गया है। आतिशी ने यहां अभियान के दौरान संवाददाताओं से कहा, ''मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की जनता काफी गुस्से में है और चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इसका करारा जवाब देगी।'' आप नेता ने कहा कि इस अभियान को उन लोगों से 'जबरदस्त प्रतिक्रिया' मिल रही है, जो अपने मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर असंतोष व्यक्त कर रहे हैं।

राजनीति की रणनीति... आखिर कौन लड़ेगा अमेठी-रायबरेली से चुनाव?
उत्तर प्रदेश के रायबरेली और अमेठी सीटों पर हो रही है राजनीतिक उलझन की चर्चा चल रही है। यहां अब तक कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया है कि यूपी से राहुल या प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकते हैं। इसके साथ ही, एंटनी ने प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा को लेकर भी बयान दिया है। अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटें गांधी परिवार की परंपरागत रही हैं। हालांकि, 2019 के चुनाव में अमेठी में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भी बीजेपी ने फिर से स्मृति ईरानी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इसी रायबरेली में अब तक ना बीजेपी और ना कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित किए हैं।

झमाझम होगी बारिश, गर्मी की तपश से मिलगी राहत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मानसून सीजन के लिए जल्दी आने की भविष्यवाणी की है।  विशेषज्ञों का अनुमान है कि हिंद महासागर डिपोल (आईओडी) और ला नीना स्थितियों के एक साथ सक्रिय होने से इस साल का मानसून संभावित रूप से सामान्य से पहले आ सकता है। ये समवर्ती घटनाएँ देश के कई हिस्सों में संभावित रूप से उच्च मात्रा में वर्षा के साथ एक मजबूत मानसून के लिए आधार तैयार कर रही हैं। ला नीना का युग्मन, एक आवर्ती मौसम की घटना है जो मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर में औसत से अधिक ठंडे समुद्री सतह के तापमान और हिंद महासागर डिपोल (आईओडी), हिंद महासागर में समुद्र की सतह के तापमान में उतार-चढ़ाव की विशेषता है। 

PM मोदी के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत
दिल्ली के एक वकील ने चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। पत्र में वकील ने प्रधानमंत्री पर आगामी लोकसभा चुनाव से पहले मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील करने का आरोप लगाया। चुनाव आयोग को लिखे पत्र में वकील ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने हिंदू देवताओं और पूजा स्थलों के साथ-साथ सिख देवताओं और पूजा स्थलों के नाम पर वोट मांगे, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ। इससे पहले, असम में नगांव निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस सांसद और लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार प्रद्युत बोरदोलोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी।

भाजपा अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार : पूर्व वित्त मंत्री
चुनावी बॉण्ड को बड़ा घोटाला और नोटबंदी के काले धन को सफेद में बदलने का तरीका करार देते हुए पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने भ्रष्ट कृत्यों पर गोपनीयता की चादर ढक देती है और उम्मीद करती है कि लोगों को उनके बारे में कभी पता नहीं चलेगा। सिन्हा ने ‘पीटीआई वीडियो सेवा' को दिए साक्षात्कार में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 400 से अधिक सीटें जीतने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (‘इंडिया') की ताकत को कम आंका जा रहा है। सिन्हा (86) ने कहा कि वह राजनीति से संन्यास ले चुके हैं और वापसी की उनकी कोई योजना नहीं है, जबकि उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र हजारीबाग से अनेक लोग उनसे इस बार चुनाव लड़ने का आग्रह कर चुके हैं। सिन्हा ने 2018 में भाजपा छोड़ दी थी। 

ईद पर Salman Khan के घर के बाहर मची भगदड़
देश में आज यानी 11 अप्रैल को ईद का त्योहार मनाया गया। हर साल की तरह इस बार भी बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को ईद की मुबारकवाद देते उनके घर पर देखा गया। इस दौरान उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जमा हो गए। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुपरस्टार के चाहने वालों की भीड़ देखने को मिली। सलमान खान की एक झलक पाने के लिए फैंस घंटों से इंतजार कर रहे थे। वहीं जैसे ही भाईजान अपने बालकनी में आए तो उन्हें देखकर भीड़ बेकाबू हो गई और जोर-जोर से उनका नाम चिल्लाने लगी। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि सलमान खान के घर के बाहर पूरा रास्ता ब्लॉक हो गया है। इस वजह से पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा।

राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरूवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा चुनावी बॉण्ड के जरिये देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार करने में लिप्त हैं। वे राजस्थान के जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत फलोदी कस्बे में पार्टी के उम्मीदवार करण सिंह उचियारड़ा के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "अडाणी जी के शेयरों की कीमत 2014 के बाद बढ़नी शुरू हो गई और बढ़ती जा रही है... क्योंकि हिंदुस्तान को मालूम है कि अडाणी जी और हमारे प्रधानमंत्री का बहुत अच्छा रिश्ता है।'' राहुल गांधी ने कहा, "नरेन्द्र मोदी जी ने कहा कि मैं भ्रष्टाचार मिटाना चाहता हूं। और वह चुनावी बॉण्ड योजना लाए। इसके जरिये उद्योगपतियों ने भाजपा को हजारों करोड़ रुपये दिए। मोदी ने योजना कैसी बनाई?... उन्होंने कहा कि इस योजना में पैसा देने वाले का नाम किसी को नहीं मालूम होना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News