चक्रवाती तूफान 'फनी' का कहर और कश्मीर में आंतकी ढेर, पढ़ें अब तक की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, May 03, 2019 - 02:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारी बारिश और 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की प्रचंड हवाओं के साथ तबाही मचा रहा चक्रवाती तूफान फनी से लेकर कश्मीर में सेना द्वारा मार गिराए आतंकियों तक, हम आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको हर क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं। तो अब एक क्लिक में पढि़ए देश-दुनिया से लेकर खेल जगत की अब तक की बड़ी खबरे।  

चक्रवात तूफान फनी: केंद्र ने राज्यों को दी 1,000 करोड़ की मदद राशि, ओडिशा में 2 की मौत
चक्रवात तूफान 'फनी' शुक्रवार सुबह ओडिशा तट से टकरा गया। राज्य में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे फनी प्रभावित राज्य सरकारों के संपर्क में हैं और केंद्र की तरफ से इन राज्यों को एक हजार करोड़ की राहत राशि दी गई है। 

कश्मीर में बुरहान ग्रुप का खात्मा, शोपियां मुठभेड़ में मारा गया हिजबुल का आखिरी आतंकी
शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच शोपियां में मुठभेड़ में जवानों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गये आतंकी की पहचान हिज्बुल के टॉप के कमांडर टाइगर लतीफ और उसके साथी के तौर पर हुई है। इसी के साथ बुरहान वानी ग्रुप का पूरी तरह से सफाया हो गया। लतीफ उस 12 सदस्यों वाले ग्रुप का आखिरी मेम्बर था। वहीं टाइगर के मारे जाने की खबर फैलते ही इलाके में हिंसक झड़पें भी शुरू हो गई हैं। बुरहान के ग्रुप में 12 आतंकी थे जिनमें से 11 पहले ही मारे जा चुके थे। 

रायबरेली में सांपों से खेलना प्रियंका गांधी को पड़ा महंगा
सियासी घमासान के बीच कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा को सांपों से खेलना महंगा पड़ा है। एनिमल वेलफेयर बोर्ड के अधिकारी ने इस मामले शिकायत जिलाधिकारी से की है। प्रियंका गांधी गुरूवार को रायबरेली में अपनी मां सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार के दौरन हंसा के पुरवा गांव पहुंची। वहां पर उन्होंने सपेरों और उनके परिवार से मुलाकात की।

तूफान 'फनी'- पुरी में हुआ लैंडफॉल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए भयकंर VIDEOS
अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान फनी की वजह से ओडिशा के अनुमानित तौर पर 10,000 गांव और 52 शहर प्रभावित होंगे। यह चक्रवात भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है और आज इसके दक्षिण पुरी से टकराने का अंदेशा है। चक्रवाती तूफान फोनी का लैंडफॉल शुक्रवार सुबह ओडिशा के पुरी जिले में सुबह करीब 8 बजे हो गया। संभावना जताई जा रही थी कि फोनी पुरी जिले में समुद्र से निकलकर जमीन पर उतरेगा। इसी दौरान सोशल मीडिया पर ओडिशा के पास से लगातार रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो वायरल हो रहे हैं।

दिल्ली में मतदान से केजरीवाल को झटका, BJP में शामिल हो सकता है AAP विधायक
लोकसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं दिल्ली की गांधीनगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल वाजपेई आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अगर अनिल वाजपेई भाजपा में शामिल होते हैं तो यह आम आदमी पार्टी के लिए झटका साबित हो सकता है। 

वैश्विक आतंकी घोषित होने के बाद पाक ने मसूद पर लगाया बैन, यात्रा पर भी लगा प्रतिबंध
पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने के बाद उसकी संपत्तियां सील करने और उस पर यात्रा प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। पाकिस्तान में रहने वाले अजहर के हथियार खरीदने-बेचने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

फेसबुक और इंस्टाग्राम की बड़ी कार्रवाई, चरमपंथी पोस्टों पर लगाया प्रतिबंध
फेसबुक और इंस्टाग्राम ने चरमपंथी सामग्री के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने अपने प्लेटफार्म इस्लामी राष्ट्र के नेता लुई फररखा, दक्षिणपंथी विचारधारा वाले एलेक्स जोन्स और इन्फोवार्स की कंपनी के सोशल मीडिया आउटलेट प्रतिबंध लगाया।

एयर इंडिया ने कर्मचारियों को किया आगाह, बिना अनुमति के मीडिया से न करें बात
सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने अपने कर्मचारियों को बिना पर्व अनुमति के मीडिया से बात करने के प्रति आगाह किया है। एक संवाद में इसकी जानकारी मिली है। कंपनी ने 30 अप्रैल के इस संवाद में कहा है, ऐसा देखा गया है कि कर्मचारियों ने मीडिया से बातें की हैं या जेट एयरवेज की पोशाक में वीडियो पोस्ट किया है। इलेक्ट्रोनिक या सोशल मीडिया पर इस तरह से रखे गए विचारों से कंपनी की छवि खराब हो रही है, जबकि ऐसा करने से मना किया जा चुका है।

आम्रपाली के सीएमडी, डायरेक्टर्स ने खरीददारों के पैसे से खरीदी ज्वैलरी, कारें और घर
आम्रपाली के मुख्य प्रबंध निदेशक अनिल शर्मा और अन्य निदेशक रीयल एस्टेट कंपनी को अपनी निजी जागीर के तौर पर चला रहे थे। फोरेंसिक ऑडिटर्स में उच्चतम न्यायालय को बताया कि खरीददारों के पैसों का इस्तेमाल एक शादी में लगा दिया गया। इसके अलावा उनके पैसों से लग्जरी कारें, घर, ज्वैलरी खरीदी गई और शेयर और म्युचुअल फंड्स में निवेश किया गया।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम को लगा तगडा झटका, ये स्टार खिलाड़ी हुआ बाहर
आईपीेएल 2019 के फ्लेऑफ में अपनी जगह पक्की चुकी दिल्ली की टीम के लिए एक बुरी खबर आई  हैं। दरअसल दिल्ली की टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा पीठ दर्द के चलते सीजन के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं। आईपीएल -12 से बाहर होने के बाद रबाडा ने कहा कि इस मुकाम पर आकर अपनी टीम का साथ छोड़ने का उन्हें काफी अफसोस है।

बिग बी के बंगले की वजह से लगता है जाम, अब मुंबई महानगर पालिका तोड़ेगा प्रतीक्षा की दीवार
महानगर पालिका के अधिकारी बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के प्रतीक्षा बंगले की कंपाउंड वॉल को तोड़ने वाले हैं। दरअसल, बिग बी का प्रतीक्षा बंगला जुहू के संत ज्ञानेश्वर मार्ग पर मौजूद है। यह मार्ग अभी 45 फीट चौड़ा है, जिसकी वजह से यहां अक्सर जाम लग जाता है। इस संबंध में अमिताभ, उद्योगपति सत्यमूर्ति समेत कई इमारतों के मालिकों को मनपा प्रशासन की ओर से नोटिस भी दिया गया था।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News