TV इंडस्ट्री को गहरा झटकाः ‘रामायण’ बनाने वाले रामानंद सागर के बेटे आनंद सागर का निधन, 15 साल से इस बीमारी से जूझ रहे थे

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 10:08 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारत के मशहूर धार्मिक टीवी शो रामायण बनाने वाले प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। उनके बेटे आनंद सागर का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। इस खबर से टीवी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा झटका लगा है।

लंबी बीमारी के कारण हुआ निधन

बताया गया है कि आनंद सागर पिछले करीब 15 सालों से पार्किंसन जैसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रहे थे। यह एक ऐसी बीमारी है जो दिमाग और नसों को प्रभावित करती है और धीरे-धीरे शरीर की गतिविधियों पर असर डालती है। लंबे समय तक इस बीमारी से लड़ने के बाद उन्होंने आखिरकार दम तोड़ दिया।

परिवार ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

सागर परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की जानकारी दी। परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, “भारी दुख के साथ सागर परिवार प्रिय आनंद रामानंद सागर के निधन की सूचना देता है। आज (13 फरवरी) उन्होंने अंतिम सांस ली। वे ‘सागर आर्ट्स’ की दूसरी पीढ़ी के प्रबंधन का अहम हिस्सा थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। ओम शांति।”

उसी दिन शाम 4:30 बजे मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य और करीबी लोग मौजूद रहे।

पिता की विरासत को आगे बढ़ाया

रामानंद सागर के निधन के बाद आनंद सागर ने अपने परिवार के साथ मिलकर उनके काम और विरासत को आगे बढ़ाया। उन्होंने ‘सागर आर्ट्स’ के जरिए कई धार्मिक और पौराणिक कार्यक्रमों के निर्माण में योगदान दिया।

‘रामायण’ ऐसा धारावाहिक है जो लगभग 39 साल बाद भी लोगों के दिलों में खास जगह रखता है। 1987 में जब यह शो पहली बार प्रसारित हुआ था, तब सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था। लोग टीवी के सामने बैठकर पूरे परिवार के साथ इसे देखते थे।

कोरोना काल में फिर से मिली लोकप्रियता

कोरोना महामारी के दौरान जब देशभर में लॉकडाउन लगा था, तब ‘रामायण’ को दोबारा टीवी पर प्रसारित किया गया। उस समय भी इसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और टीआरपी के कई रिकॉर्ड टूटे। इस दोबारा प्रसारण में आनंद सागर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि

आनंद सागर के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और टीवी इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोग उनके योगदान को याद कर रहे हैं और सागर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। रामानंद सागर की तरह ही आनंद सागर भी अपने काम के जरिए हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News