Packers-Movers Alert: घर शिफ्ट करने का सोच रहें हैं तो पहले ही हो जाएं सावधान! इस जानी-मानी TV एक्ट्रेस के साथ...
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 02:54 PM (IST)
Neha Malik Packers Movers Scam : घर शिफ्ट करने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री नेहा मलिक हाल ही में एक शातिर 'पैकर्स एंड मूवर्स' स्कैम का शिकार हो गईं। हालांकि मुंबई की कुरार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर अभिनेत्री का लाखों का सामान बरामद कर लिया है।
सस्ते ऑफर का जाल और फिर ठगी
नेहा मलिक मालाड से कांदिवली शिफ्ट होने वाली थीं और उन्हें शादी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश भी जाना था। उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए ‘इनफील्ड लॉजिस्टिक पैकर्स एंड मूवर्स’ नामक कंपनी से संपर्क किया। खुद को कंपनी का मालिक बताने वाले वैभव सिंह ने नेहा को बहुत कम पैसों में सामान शिफ्ट करने का लालच दिया। मजदूरों ने नेहा के घर आकर कपड़े, मेकअप, पेंटिंग्स और एंटीक पीस समेत 18 बैग पैक किए। पहले 11,700 रुपये तय हुए थे, लेकिन सामान उठाते ही आरोपियों ने वजन का बहाना बनाकर बिल सीधे 25,506 रुपये कर दिया।
अंधेरी के गोदाम में छिपाया सामान
जब नेहा ने बढ़े हुए बिल पर आपत्ति जताई और अपना सामान वापस मांगा तो आरोपियों ने फोन बंद कर दिए और सामान देने से इनकार कर दिया। उन्होंने अभिनेत्री के कीमती सामान को अंधेरी (साकीनाका) की एक बिल्डिंग में छिपा दिया था। घबराई अभिनेत्री ने तुरंत कुरार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: छोटे कार मालिकों की मौज खत्म! नियम बदलते ही Auto Industry में मच गया हड़कंप, जानें क्या होगा असर?
पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और साकीनाका में छापेमारी कर विजय रामावतार पाल नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। विजय ही वह मजदूर था जो सामान पैक करने और छिपाने में शामिल था। पुलिस ने नेहा मलिक का पूरा सामान (18 बैग) सही-सलामत बरामद कर 2 फरवरी को उन्हें सौंप दिया। मास्टरमाइंड वैभव सिंह और दो अन्य साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं जिनकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: छोटे कार मालिकों की मौज खत्म! नियम बदलते ही Auto Industry में मच गया हड़कंप, जानें क्या होगा असर?
पुलिस की जनता से अपील: इन बातों का रखें ध्यान
कुरार पुलिस ने नागरिकों को इस स्कैम से बचने के लिए कुछ जरूरी टिप्स दिए हैं:
-
वेरिफिकेशन: केवल ऑनलाइन रेटिंग न देखें बल्कि कंपनी के ऑफिस और असली दस्तावेजों की जांच करें।
-
सस्ता ऑफर: यदि कोई कंपनी बाजार भाव से बहुत कम रेट दे रही है, तो सावधान हो जाएं।
-
पेमेंट: सामान गंतव्य स्थान पर पहुँचने से पहले पूरा भुगतान न करें।
