सुनसान रात में दरिंदगी: 15 मिनट तक युवती से करता रहा नापाक हरकतें, CCTV में कैद हुई हैवानियत

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 02:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक डरावनी तस्वीर सामने आई है। शहर के बीचों-बीच स्थित नागेश्वरवाड़ी इलाके में, रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर एक दरिंदे ने राह चलती युवती को अपना निशाना बनाया। इस पूरी वारदात का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक करीब 15 मिनट तक बेखौफ होकर युवती के साथ सड़क पर जोर-जबरदस्ती और बदसलूकी करता रहा।

सन्नाटे में चीखती रही सुरक्षा
यह रूह कंपाने वाली घटना 31 जनवरी की तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। CCTV की तस्वीरों में कैद मंजर बताता है कि आरोपी ने युवती को सड़क पर दबोच लिया और उसे घसीटने लगा। वह मासूम खुद को छुड़ाने के लिए लगातार संघर्ष करती रही, लेकिन वह दरिंदा उसे छोड़ने को तैयार नहीं था। करीब 15 मिनट तक यह खौफनाक ड्रामा चलता रहा। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि शहर के मध्य इलाके में इतनी देर तक यह सब होता रहा, लेकिन उस वक्त मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था।

गुस्से में लोग, पुलिस की तलाश जारी
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रात के समय शहर की सड़कों पर महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं? यह इलाका क्रांति चौक पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस युवक और पीड़ित युवती, दोनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

सुरक्षा पर खड़े होते सवाल
यह घटना प्रशासन के उन दावों की पोल खोलती है जिसमें महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। 15 मिनट तक एक युवक सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी करता रहा और सीसीटीवी कैमरों के अलावा उसे रोकने वाला कोई नहीं था। पुलिस का कहना है कि वे बहुत जल्द आरोपी तक पहुंच जाएंगे, लेकिन इस घटना ने शहर की महिलाओं के मन में एक गहरा डर पैदा कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News