दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आज, सदन में हो सकता है हंगामा, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Aug 26, 2022 - 04:40 AM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली की सियासत में मची उठापटक और बवाल के बीच केजरीवाल सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। जानकारी के मुताबिक सदन में इस पर बात पर चर्चा करेगा कि कुछ ताकतें दिल्ली सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के खिलाफ माहौल तैयार कर रही हैं। इसके अलावा आप विधायकों की कथित खरीद-फरोख्‍त करने का मामला भी सदन में उठ सकता है। सत्र में दिल्ली सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की जाएगी। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तंजानियाई समकक्ष के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को नई दिल्ली में तंजानिया की रक्षा और राष्ट्रीय सेवा मंत्री डॉ. स्टरगोमेना लॉरेंस टैक्स के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों मंत्री दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा करेंगे और रक्षा उद्योग में सहयोग सहित द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के नए तरीके तलाशेंगे। 

दिल्ली हाईकोर्ट का ‘अग्निपथ' योजना पर रोक लगाने से इंकार, केंद्र से चार सप्ताह के अंदर मांगा जवाब 
दिल्ली उच्च न्यायालय ने सशस्त्र बलों में भर्ती की ‘अग्निपथ' योजना पर रोक लगाने से बृहस्पतिवार को इंकार कर दिया और केंद्र सरकार से इसे चुनौती देने वाली याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने को कहा। मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ ने केंद्र से योजना को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर एक समेकित जवाब दाखिल करने को कहा और जवाब दाखिल करने के लिए केन्द्र को चार सप्ताह का समय दिया।

मुंबई एयरपोर्ट पर इरफान पठान के साथ बदसलूकी, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने Vistara Airlines से मांगा जवाब
एशिया कप 2022 के लिए क्रिकेट कमेंट्री पैनल में शामिल टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान और उनकी फैमिली को मुंबई एयरपोर्ट पर बुधवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इरफान पठान अपने परिवार के साथ मुंबई से दुबई के लिए रवाना हो रहे थे लेेकिन एयरपोर्ट पर विस्तारा के चेक-इन काउंटर पर उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक बीवी और बच्चों के साथ खड़े रहना पड़ा। वहीं इरफान की शिकायत पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा यह जानकर काफी बुरा लग रहा है कि आपके साथ ऐसा व्यवहार हुआ। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने विस्तारा एयरलाइंस से इस बारे में जवाब देने को कहा। 

पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा फिर से हुए गिरफ्तार 
पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाले बीजेपी विधायक टी राजा को पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें  चंचलगुडा जेल में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।  दरअसल,  तेलंगाना के हैदाराबाद शहर के गोशामहल के विधायक राजा सिंह ने नाम लिए बिना इस बार पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ विवादित बयान देते हुए अपना नया वीडियो जारी किया था जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया और अब उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है। 

बलात्कार की सजा पा चुके 11 लोगों की रिहाई पर भड़की प्रियंका गांधी, मोदी सरकार पर साधा निशाना 
गुजरात दंगों की पीड़िता बिल्कीस बानो के लिए न्याय की मांग के लिए आगे आईं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2002 के सामूहिक बलात्कार व उनके परिवार के सात लोगों की हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए 11 लोगों की रिहाई पर सरकार ने चुप्पी साधकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। गुजरात सरकार की माफी नीति के तहत पिछले दिनों 15 अगस्त को गोधरा उप कारागार से इस मामले के 11 दोषियों को रिहा किया गया था। 

आज सवाल देश की महिलाओं के सम्मान और हक़ का है, बिलकिस बानो को न्याय दो: राहुल गांधी 
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिल्कीस बानो के लिए न्याय की मांग करते केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने वीरवार को गुजरात दंगों की पीड़िता बिल्कीस बानो के लिए न्याय की मांग करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘बेटी बचाओ’’ जैसे खोखले नारे देने वाले लोग ‘‘बलात्कारियों को बचा’’ रहे हैं। गुजरात सरकार की माफी नीति के तहत पिछले दिनों 15 अगस्त को गोधरा उप कारागार से इस मामले के 11 दोषियों को रिहा किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News