Rain Alert: दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना, IMD ने इन इलाकों में...जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, Jul 19, 2025 - 05:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली में शनिवार को भी मौसम शुक्रवार जैसा ही रहने की संभावना है। सुबह की शुरुआत हल्की धूप और सुहावने मौसम के साथ हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, तेज़ धूप और बढ़ती उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार को कोई खास बारिश का अलर्ट तो जारी नहीं किया है, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
सुबह मिली राहत, दोपहर में उमस का असर
शनिवार सुबह दिल्ली में हल्की धूप और ठंडी हवाओं से मौसम थोड़ा राहतभरा महसूस हुआ। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर तक सूरज तेज़ हो जाएगा और हवा में नमी के कारण उमस बढ़ेगी। अगर मौसम ने करवट ली, तो कुछ इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में इन इलाकों में हुई बारिश
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात से हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग में 14.1 मिमी, पालम में 20 मिमी, लोदी रोड में 16.2 मिमी, रिज में 16 मिमी, आया नगर में 10.6 मिमी, राजघाट में 16.1 मिमी, पूसा और नजफगढ़ में सबसे ज़्यादा 20.5 मिमी, मयूर विहार में 1.5 मिमी, गुरुग्राम में 9 मिमी और नोएडा में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश और ठंडी हवाओं से गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन उमस बरकरार रही।
तापमान का हाल
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम था।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 20 से 24 जुलाई तक राजधानी में रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।