''राहुल गांधी का विरोध प्रदर्शन ''बचकाना'', वह अराजकता का माहौल बना रहे...'' भाजपा ने साधा निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 08:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क : सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को राहुल गांधी के उस विरोध प्रदर्शन को 'बचकाना' करार दिया, जो एक दिन पहले नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया था। पार्टी ने उनपर संसद का सत्र जारी रहने के बावजूद देश में 'अराजकता का माहौल' उत्पन्न करने का आरोप लगाया। भाजपा ने गांधी के प्रदर्शन की निंदा करने के लिए यहां एक विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पालडी इलाके में गुजरात कांग्रेस के मुख्यालय 'राजीव गांधी भवन' के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए। भारी पुलिस तैनाती के बीच लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन का समापन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। जब विश्वकर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रथम स्तर के पुलिस बैरिकेड को पार किया और कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन इमारत से लगभग 70 मीटर दूर दूसरे स्तर के बैरिकेड पर उन्हें रोक दिया गया। प्रदर्शनकारी दूसरे स्तर के बैरिकेड पर करीब 40 से 45 मिनट तक डटे रहे।

उन्होंने नारे लगाए और विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां दिखाईं जिनपर लिखा था- 'कांग्रेस पर शर्म करो', 'कांग्रेस की पहचान लोकतंत्र का अपमान', 'देश विरोधी काम, यही है कांग्रेस की पहचान', 'कांग्रेस का राजनीतिक नाटक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा' और 'देश में अराजकता फैलाने की कांग्रेस की साजिश'। भाजपा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के अंदर ही रहे, लेकिन उन्होंने जवाबी नारे लगाए। भाजपा ने यह विरोध प्रदर्शन इसलिए आयोजित किया था, ताकि प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध की निंदा की जा सके।

पत्रकारों से बातचीत में गुजरात भाजपा के प्रवक्ता अनिल पटेल ने आरोप लगाया कि संसद का सत्र जारी रहने के बावजूद राहुल गांधी अराजकता का माहौल उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। पटेल ने कहा, ''हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी और सरकार संसद में बहस के लिए तैयार है। प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और प्रधानमंत्री ने सख्त से सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।''

गांधी के विरोध प्रदर्शन को 'बचकाना' करार देते हुए पटेल ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण था। उन्होंने कहा, ''यह 'जैसे को तैसा' वाली बात है, लेकिन भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। हमारा विरोध शांतिपूर्ण है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रदर्शन किया। पटेल ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' पर राजनीतिक फायदे के लिए युवाओं को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News