मोदी इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री- सरकार पर राहुल गांधी का तीखा हमला

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 06:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग की निंदा की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को युवाओं की बातें सुननी चाहिए और उनकी मांगें माननी चाहिए।

PunjabKesari

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं। वह इतने युवा विरोधी हैं कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते।'' उन्होंने कहा, ''152 पेपर लीक। 7.5 करोड़ छात्र पीड़ित। और सज़ा एक दोषी को भी नहीं। सजा किसे मिली? मेहनती युवाओं को और जब इन बच्चों ने शिक्षा के जायज़ सवाल उठाए - तो जवाब में मिली लाठी और हिरासत।

लीक करने वाले अपराधी आज़ाद और वाजिब मुद्दे उठाने वाले छात्र घसीटे जाते हैं, पीटे जाते हैं।'' राहुल गांधी ने वीडियो में दावा किया कि यह सरकार युवाओं को सिर्फ़ नाकाम नहीं कर रही - उन पर टूट पड़ी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने वाले लड़के-लड़की अपराधी नहीं हैं और उनकी मांगें जायज हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि पुलिस ने जो किया है वह पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को युवाओं की मांगें स्वीकार करनी चाहिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh