पंजाब केसरी समूह पर पंजाब सरकार की कार्रवाई निंदनीय, विपक्षी दलों ने कहा- पंजाब में अघोषित आपातकाल
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 12:48 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पंजाब की भगवंत मान सरकार पिछले कई दिनों से पंजाब केसरी समूह की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पंजाब केसरी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान के खिलाफ सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा व अन्य सभी विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की है। विपक्षी दलों ने इस कार्रवाई को पंजाब में अघोषित आपातकाल करार दिया है।
प्रैस की आजादी के लिए हर कदम उठाएंगे: चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने 'आप' सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रैस की आजादी के लिए वह हरसंभव कदम उठाएंगे।

प्रैस की आजादी पर हमला: सुखबीर बादल
अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने भी पंजाब सरकार की कार्रवाई को प्रैस की आजादी पर हमला करार देते हुए कहा कि पंजाब के इतिहास में ऐसा पहले कभी भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल इस तानाशाही प्रवृत्ति को लेकर जल्द पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात करेगा।
सरकार ने सभी मर्यादाएं तोड़ीं: वडिंग
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग ने कहा कि सरकार ने सभी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ दिया है और पंजाब केसरी प्रैस पर हमला करके सिद्ध कर दिया है कि सरकार का प्रैस की आजादी में कोई भरोसा नहीं है।

पंजाब और देश के लिए दुखद दिन: नरेश गुजराल
वरिष्ठ नेता नरेश गुजराल ने कहा है कि यह पंजाब और देश के लिए दुखद दिन है। हालांकि, इतिहास गवाह है कि निरंकुश सरकारों को अंततः अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ता है। इस नाजुक घड़ी में मैं पंजाब केसरी पत्र समूह के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं।
पंजाब सरकार की कार्रवाई निंदनीयः सुक्खू
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पंजाब केसरी ग्रुप पर पंजाब सरकार की कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मीडिया को डराना आम जनता की आवाज को दबाने के समान है।

आपातकाल जैसी सोच और अहंकार स्वीकार्य नहीं: जयराम ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में न तो आपातकाल जैसी सोच स्वीकार्य है और न ही सत्ता का अहंकार। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर ऐसी दमनकारी प्रवृत्तियों का विरोध किया जाएगा।
सच को परेशान किया जा सकता है पराजित नहीं: मुकेश
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंजाब केसरी समूह पर पंजाब की आप सरकार द्वारा अपनाए जा रहे दमनकारी तरीके अत्यंत निंदनीय हैं। लगातार दबाव बनाकर मीडिया को प्रताड़ित करने का यह सिलसिलेवार प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। प्रैस की स्वतंत्रता का भय, सत्ता की असहजता को उजागर करता है। जो पंजाब सरकार की इन दमनकारी कार्रवाई में साफ नजर आ रहा है। राज्य की ताकत और एजेंसियों के दुरुपयोग से सच को कुछ समय के लिए परेशान किया जा सकता है पराजित नहीं।
यह कार्रवाई डराने धमकाने वाली: बिंदल
हिमाचल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने यह पूरी कार्रवाई किसी कानून व्यवस्था के तहत नहीं, बल्कि स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता को डराने व दबाने की नौयत से की गई प्रतीत होती है। भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।
क्या यही उनका 'रंगला पंजाब' है: सिरसा
सिरसा दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब में जो हो रहा है, वह बदलाव नहीं बल्कि बदला है। आज पूरा पंजाब प्रैस की स्वतंत्रता पर एक सुनियोजित हमला देख रहा है और यह सब 'सुपर CM केजरीवाल' के निर्देश और नियंत्रण में किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछता हूं- क्या यही उनका 'रंगला पंजाब' है?
भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलेगा : जाखड़
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने पहले पत्रकारों पर पर्चे किए अब पंजाब केसरी जैसे प्रख्यात मीडिया संस्थान के जालंधर व बठिंडा की प्रैसों पर पुलिस भेज कर गुंडागर्दी करके सिद्ध कर दिया कि यह सरकार सभी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल चुकी है। इस संबंध में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल 17 जनवरी को राज्यपाल से मिलेगा।
छापे तानाशाही मानसिकता: अश्वनी शर्मा
पंजाब भाजपा अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब केसरी जैसे मीडिया संस्थान और उससे जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पंजाब पुलिस व विभागीय छापे मारना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और 'आप' की तानाशाही मानसिकता को उजागर करता है। जब-जब आम आदमी पार्टी डरती है, वह पत्रकारों और मीडिया पर हमले करती है।
17 जनवरी को राज्यपाल से मिलेगा।
छापे तानाशाही मानसिकता : अश्वनी शर्मा पंजाब भाजपा अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब केसरी जैसे मीडिया संस्थान और उससे जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पंजाब पुलिस व विभागीय छापे मारना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और 'आप' की तानाशाही मानसिकता को उजागर करता है। जब-जब आम आदमी पार्टी डरती है, वह पत्रकारों और मीडिया पर हमले करती है।
लोकतंत्र में मीडिया पर हमला स्वीकार्य नहीं: बिट्टू
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी और भगवंत मान द्वारा पंजाब केसरी समूह पर किए गए सीधे हमले की तीखी निंदा करता हूं। प्रैस को डराने की यह खुली कोशिश पंजाब में 'आप' सरकार द्वारा लगाए गए 'अघोषित आपातकाल' के बराबर है। मीडिया की आजादी पर इस तरह के हमले लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हैं।"
विफलताएं छुपाने के लिए यह प्रैस की आजादी पर हमला: सैनी
पंजाब को बर्बादी की कगार पर पहुंचाने के बाद अब अपने खिलाफ उठ रहे जनआक्रोश से डरी हुई आप सरकार पूरी तरह बौखला चुकी है। पंजाब सरकार अपनी विफलताओं, भ्रष्टाचार और कुशासन को छिपाने के लिए प्रैस की स्वतंत्रता पर सुनियोजित हमला कर रही है।
