पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: चुनाव आयोग का सख्त फैसला! हर पोलिंग बूथ के अंदर-बाहर CCTV कैमरे लगेंगे – गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई!

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 06:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर Election Commission of India (ECI) ने निगरानी व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अब राज्य के हर पोलिंग बूथ के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, जबरन प्रवेश या धांधली को तुरंत रिकॉर्ड किया जा सके और मौके पर कार्रवाई हो। यह निर्णय कोलकाता में उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में जिला प्रशासन, विशेष पर्यवेक्षक और आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

क्या बदलेगा इस बार?

पहले से कई बूथों पर वेबकास्टिंग और कैमरों की व्यवस्था थी, लेकिन अब बूथ परिसर और आसपास के क्षेत्र को भी पूरी तरह निगरानी दायरे में लाया जाएगा। आयोग का कहना है कि इस कदम से संवेदनशील इलाकों में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ेगा।

चुनाव आयोग के प्रमुख निर्देश

  • डबल CCTV कवरेज: बूथ के अंदर और बाहर दोनों जगह कैमरे
  • तुरंत कार्रवाई: धांधली, जबरदस्ती घुसपैठ या अव्यवस्था पर फौरन एक्शन
  • बाहरी निगरानी: बूथ के बाहर की मॉनिटरिंग विशेष पर्यवेक्षकों को सौंपी जाएगी
  • केंद्रीय बलों के लिए सख्ती: किसी प्रकार का आतिथ्य या सुविधा स्वीकार करने पर रोक
  • अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी: 6 मार्च से 200 अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी तैनात
  • बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा: पानी, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश

केंद्रीय बलों की तैनाती

सूत्रों के मुताबिक चुनाव के मद्देनजर 480 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की दो चरणों में तैनात की जा रही हैं। राज्य के सभी बूथों को संवेदनशील मानकर सुरक्षा रणनीति तैयार की गई है।

अप्रैल–मई में संभावित मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव अप्रैल–मई 2026 के बीच कराए जाने की संभावना है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बार “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News