चोटी प्रकरण : कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में झड़पें, दूसरे दिन भी स्कूल, कॉलेज बंद

punjabkesari.in Friday, Oct 13, 2017 - 03:32 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर घाटी में चोटी काटने के मामलें बंद होने के नाम नही ले रहे हैं। शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद चोटी काटने की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ कश्मीर घाटी के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें भी हुई। उधर, चोटी काटे जाने के बढ़ते मामलों को लेकर अलगाववादियों द्वारा किये गये शांति पूर्ण बंद के आह्वान के मद्देनजर कश्मीर में शिक्षण संस्थान लगातार दूसरे दिन बंद रहे वहीं श्रीनगर के कुछ इलाकों में आज लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गयी। श्रीनगर के जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि नौहट्टाए खानयार, रैनवाड़ी, एम आर गंज, सफाकादल पुलिस थाना क्षेत्र में पडऩे वाले इलाकों में एहतियातन निषेधाज्ञा लगाई गई है। करालखुद और मैसुमा थाना क्षेत्र में भी आंशिक रूप से धारा 144 लागू की गई है।


कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर बसीर खान ने बताया कि शैक्षणिक संस्थान दूसरे दिन भी बंद रहे। कश्मीर विश्वविद्यालय में भी आज कक्षाएं निलंबित रहीं हालांकि परीक्षायें तय कार्यक्रम के मुताबिक आयोजित की गयीं। अलगाववादी संगठनों ने घाटी में महिलाओं के साथ हो रही चोटी काटने की घटनाओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है। अब तक चोटी काटने की 100 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी है लेकिन एक महीने बीतने के बाद भी किसी को इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया है।

ईनाम की घोषणा
पुलिस ने एक विशेष जांच दल गठित कर दोषी की गिरफ्तारी के लिये सूचना देने वाले को छह लाख रूपये का इनाम देने की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के पुराने शहर के कुछ हिस्सों में लोगों ने चोटी काटने के मामलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थराव किया। इसके अलावा शहर के बाहरी नौगाम इलाके में भी लोगों ने जुमा नमाज के बाद प्रदर्शन करते हुए सुरक्षाबलों पर पत्थराव किया। प्रदर्शनकारियों को खदेडने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया।

बारामूला में काटी गई चोटी
उतर कश्मीर में बारामुला जिला के सोपोर कस्बे के मटू गांव में आज 40 वर्षीय महिला की अज्ञात लोगों द्वारा चोटी काटे जाने के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हुई। उक्त गांव में एक महिला घर के रसाई में काम कर रही थी जब कुछ अज्ञात लोगों ने उसपर स्प्रे छिडक़ दिया जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में उसकी चोटी काट दी गई। उसको बेहोशी की हालत में ही उप जिला अस्पताल सोपोर पहुंचाया गया।

सोपोर में हड़ताल
वहीं, घटना के तुरन्त बाद सैंकडों लोग सोपोर के मैन चौक में इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने उनको खदेडऩे के लिए आंसू गेस का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थराव किया। वहीं, सोपोर कस्बे में घटना के खिलाफ हड़ताल भी रही।
इस दौरान दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिला के बटेंगु इलाके में लोगों ने श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चोटी काटने वाले मामलों में शामिल लोगों की तत्काल गिरफतारी की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेडने के लिए आंसू गेस का इस्तेमाल किया। साथ ही राजमार्ग पर यातायात को बहाल कर दिया।

जुम्मा नमाज के बाद प्रदर्शन
इसी दौरान अनंतनाग के लालचौक, मट्टन चौक, अच्छाबल अड्डा, काजी मोहल्ला और गंजीवाडा इलाकों में जुमा नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थराव किया। प्रदर्शनकारियों ने जामिया मस्जिद अनंतनाग से रैली निकाली। रैली के दौरान आजादी समर्थक और आतंकी जाकिर मूसा समर्थक नारेबाजी की गई। पत्थराव कर रहे प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News