दिल्ली चुनाव 2025 के नतीजों पर बोलीं प्रियंका गांधी- मैंने अभी तक नहीं देखे परिणाम
punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2025 - 11:59 AM (IST)
नेशनल डेस्क. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 41 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 29 सीटों पर आगे चल रही है।
प्रियंका गांधी का बयान
कांग्रेस की हार पर जब पार्टी सांसद प्रियंका गांधी से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, "मुझे नतीजों की ज्यादा जानकारी नहीं है, मैंने अभी तक परिणाम नहीं देखे हैं।" गौरतलब है कि एग्जिट पोल पहले ही कांग्रेस के लिए निराशाजनक भविष्यवाणी कर चुके थे। कुछ सर्वेक्षणों में तो कांग्रेस को एक भी सीट न मिलने की संभावना जताई गई थी।
फिर खाली हाथ रह सकती है कांग्रेस
दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले दो विधानसभा चुनावों (2015 और 2020) में भी बेहद खराब रहा था। इस बार भी पार्टी का कोई खास असर नहीं दिखा और वह मुकाबले से बाहर नजर आ रही है। अगर रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो कांग्रेस को एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी में शर्मनाक हार झेलनी पड़ेगी।
बीजेपी बना सकती है सरकार
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लग रहा है, क्योंकि 2015 और 2020 में मिली बड़ी जीत के बाद इस बार वह बहुमत से दूर नजर आ रही है। वहीं बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान
5 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 60% से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे पहले 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था, लेकिन इस बार सत्ता की बाजी पलटती दिख रही है।
अगर रुझान सही साबित होते हैं, तो यह न सिर्फ कांग्रेस के लिए, बल्कि आम आदमी पार्टी के लिए भी बड़ा झटका होगा, जबकि बीजेपी दो दशक बाद दिल्ली की सत्ता पर कब्जा कर सकती है।