IND vs PAK: एशिया कप 2025 के लिए भारत आएगी पाकिस्तानी टीम, जानें कुल कितनी टीमें खेलेंगी

punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 06:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन भारत में होने जा रहा है, जिसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तानी हॉकी टीम की इस टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई थी। अब भारतीय खेल मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तानी टीम को अगले महीने भारत में होने वाले एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा। इससे पाकिस्तान की टीम के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने और भारत आने का रास्ता साफ हो गया है।

खेल मंत्रालय ने किया साफ बयान

खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि भारत मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तान समेत सभी टीमों से मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि हम किसी भी टीम के भारत में आयोजित बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेने का विरोध नहीं करते। हालांकि द्विपक्षीय (बाइलेटरल) मुकाबले अलग विषय होते हैं। अंतरराष्ट्रीय खेलों की मांग है कि प्रतिस्पर्धा से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है, लेकिन वे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं।

हॉकी एशिया कप की तैयारी पूरी

हॉकी एशिया कप 27 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा। भारत के अलावा इस टूर्नामेंट में चीन, जापान, मलेशिया, साउथ कोरिया, ओमान और चाइनीज ताइपे की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत मेजबान होने के नाते टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालीफाई कर चुका है।

भारतीय टीम की शानदार इतिहास

भारतीय हॉकी टीम तीन बार एशिया कप जीत चुकी है। उसने आखिरी बार यह खिताब 2017 में जीता था। पिछली बार यह टूर्नामेंट 2022 में खेला गया था, जिसमें भारत तीसरे स्थान पर रहा और जापान ने फाइनल जीता था। दूसरी तरफ, पाकिस्तानी टीम ने तीन बार जबकि साउथ कोरिया ने पांच बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News