Chandrayaan3: चंद्रयान-3 की सफलता के लिए देशभर में दुआओं का दौर जारी, मंदिरों में पूजा, लखनऊ में पढ़ी गई नमाज
punjabkesari.in Tuesday, Aug 22, 2023 - 08:11 PM (IST)

नेशनल डेस्कः चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी (ISRO) पल-पल की जानकारी लोगों तक पहुंचा रही है। इस बीच देशभर में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए दुआओं का दौर जारी है। कहीं मंदिरों में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए आरती की जा रही हैं, तो कहीं नमाज अदा की जा रही है। सोशल मीडिया से लेकर घरों तक चंद्रयान-3 को लेकर देशभर में उत्सुकता का माहौल है। स्कूल से लेकर कॉलेजों में अवेयरनेस के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया और बधाई संदेश भेज रहे हैं।
#WATCH | Uttarakhand: For the success of the Chandrayaan-3 mission, worship has started today at Mata Vaishno Devi Cave at Tapkeshwar Mahadev temple in Dehradun. This will continue till the successful landing of Chandrayaan on August 23. pic.twitter.com/204Asp5oLM
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 22, 2023
चंद्रयान-3 की सफलता के लिए देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर की वैष्णो देवी गुफा में पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पुजारियों ने चंद्रयान-3 की सफलता की कामना के लिए पूजा की है। उधर, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए नमाज अदा की गई। चेन्नई में स्कूली छात्रों ने चंद्रयान-3 मिशन पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
#WATCH | Uttar Pradesh | People offer namaz at the Islamic Center of India in Lucknow for the successful landing of Chandrayaan-3, on August 23. pic.twitter.com/xpm98iQM9O
— ANI (@ANI) August 22, 2023
उत्तर प्रदेश में पहली बार शाम को खुलेंगे स्कूल
यूपी के इतिहास में 23 अगस्त को पहली बार देर शाम को स्कूल खोले जाएंगे। योगी सरकार ने इसके लिए एक आदेश जारी किया है। आदेश में सभी सरकारी स्कूलों को 23 अगस्त की देर शाम खोलने की आदेश दिए गए हैं। ये आदेश राज्य के सभी सरकारी स्कूलों को भेज दिया गया है।
बता दें कि ये फैसला योगी सरकार ने बच्चों को चंद्रयान 3 मिशन का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए लिया है। आदेश में 23 अगस्त को शाम 5:15 से 6:15 तक सरकारी स्कूल खोलने को कहा गया है। जानकारी दे दें कि 23 अगस्त की शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसी का लाइव प्रसारण सभी स्कूलों में बच्चों को दिखाया जाएगा।
UGC ने यूनिवर्सिटी को जारी किया नोट
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश के विश्वविद्यालयों एवं कालेजों से कहा है कि वे 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए छात्रों एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित करें। यूजीसी के सचिव मनीष जोशी ने इस संबंध में 21 अगस्त को सभी विश्वविद्यालयों एवं कालेजों से आग्रह किया है। इसमें कहा गया है कि छात्रों और शिक्षक संकाय के लिए एक विशेष सभा का आयोजन किया जाए जिससे वे भी इस गौरवशाली क्षण का हिस्सा बन सकें। चंद्रयान-3 बुधवार को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर लैंड करेगा। इस ऐतिहासिक पल के गवाह छात्र भी बन सकें इसके लिए यूजीसी ने एक कदम उठाया है।
नोटिस में कहा गया है, ‘‘ जैसा कि आपको मालूम है कि भारत चंद्रयान-3 के माध्यम से अंतरिक्ष अन्वेषण में महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित करने जा रहा है। यह भारतीय विज्ञान, इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी और उद्योग के लिए एक अहम कदम होगा।'' इसमें कहा गया है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग एक यादगार पल है, जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ावा देगी बल्कि हमारे युवाओं के मन में नवाचार के लिए एक जुनून भी पैदा करेगी। आयोग ने कहा कि इससे गर्व और एकता की गहरी भावना पैदा होगी क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शक्ति का जश्न मनाएंगे।
यूजीसी ने कहा है कि इसका सीधा प्रसारण 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 27 मिनट से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की वेबसाइट सहित कई प्लेटफार्मो पर उपलब्ध होगा। आयोग ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया जाता है कि वे इस दिन शाम 5 बजकर 30 मिनट से 6 बजकर 30 मिनट तक विशेष आयोजन करें और छात्रों एवं शिक्षकों को इसमें सक्रिया हिस्सेदारी एवं लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए प्रेरित करें।