गरज-चमक के साथ बूँदाबाँदी की संभावना, राजधानी में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 11:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार और रविवार को दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
न्यूनतम तापमान औसत से ऊपर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बारिश के आसार, उमस बनी चुनौती
दिल्ली में सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 72 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे शहर में उमस का अहसास बना रहा। हालांकि, शाम तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 86 दर्ज किया गया, जो कि ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में आता है।
मापदंडों के अनुसार:
0–50: अच्छा
51–100: संतोषजनक
101–200: मध्यम
201–300: खराब
301–400: बहुत खराब
401–500: गंभीर
क्या कहते हैं मौसम विभाग के संकेत
आईएमडी ने बताया है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राजधानी में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग घर से बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें और मौसम संबंधित अपडेट पर ध्यान दें।