Lok Sabha Election 2024: 'कांग्रेस देश को ‘रिवर्स गियर' में ले जाना चाहती है', आंध्र में जमकर बरसे PM मोदी

punjabkesari.in Wednesday, May 08, 2024 - 06:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के विवादास्पद बयानों को कांग्रेस की ‘विभाजनकारी मानसिकता' करार दिया और सवाल किया कि क्या तमिल संस्कृति व गौरव के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अपने सहयोगी इस प्रमुख विपक्षी पार्टी से नाता तोड़ेगी? मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी जड़ों से कट गई है और वह सत्ता के लिए देश को बांटना चाहती है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी का इतना ‘पतन' कैसे हो गया।

साफ तौर पर सैम पित्रोदा के बयानों की ओर इंगित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘एक बड़े नेता ने कांग्रेस की विभाजनकारी मानसिकता प्रदर्शित की है। गांधी परिवार के करीबी और शहजादे के सबसे बड़े सलाहकार ने जो कहा वह बहुत शर्मनाक है।'' पित्रोदा की विवादास्पद टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को लगता है कि पूर्वोत्तर भारत के लोग चीन के लोगों की तरह दिखते हैं। क्या देश इस तरह की चीजों को स्वीकार कर सकता है? कांग्रेस को लगता है कि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं, क्या वे इसे स्वीकार करेंगे?''

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों क्रमश: सिद्धरमैया और ए रेवंत रेड्डी से पूछा कि क्या वे ‘इस तरह के आरोप' को स्वीकार करेंगे? उन्होंने सवाल किया कि ऐसे गंभीर आरोपों पर तमिल संस्कृति की बात करने वाले द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन तमिल गौरव और तमिल लोगों के लिए कांग्रेस से संबंध तोड़ेंगे क्या? उन्होंने पूछा, ‘‘क्या उनमें हिम्मत है?''

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि देश के पश्चिमी हिस्से के लोग अरब के लोगों की तरह दिखते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूछना चाहता हूँ... क्या महाराष्ट्र के लोग ऐसी भाषा को स्वीकार करते हैं? क्या उत्तर भारतीय गोरे (लोगों) की तरह दिखते हैं.. कांग्रेस पार्टी को क्या हो गया है?'' राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि पित्रोदा ‘शहजादे' के दार्शनिक और मार्गदर्शक थे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में अमेरिका में परीक्षा प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए एक खास रंग के लोगों के बारे में बात की थी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘शहजादे के गुरु ने जो टिप्पणी की है, उन्होंने (राहुल) भारत में उसी के बारे में टिप्पणी की है। उनकी दोनों टिप्पणियां जुड़ी हुई हैं और सोच-समझ कर की गई हैं।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भारतीयों का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए, भले ही उसके पास बात करने के लिए कोई मुद्दा न हो। उन्होंने कहा, ‘‘देश कांग्रेस की हर विभाजनकारी बात को सुन रहा है और समझ रहा है।'' उन्होंने कहा कि इस पार्टी को अब दंडित किया जाना चाहिए। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उसने लोगों के विश्वास को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री राज्य में ‘माफिया राज' चला रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News