PM मोदी पहली बार करेंगे वंदे भारत ट्रेन की सवारी...नए CDS अनिल चौहान आज संभालेंगे अपना कार्यभार, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2022 - 05:33 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनी ‘वंदे भारत एक्स्प्रेस ट्रेन' में पहली बार एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री गुजरात की राजधानी में गांधीनगर कैपिटल से मुंबई सेंट्रल की सेवा का हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ करेंगे और उसी से अहमदाबाद रेलवे स्टेशन तक यात्रा भी करेंगे।
PunjabKesari
उधर, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (रि) शुक्रवार को देश के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसी के साथ तीनों सेनाओं के बीच तालमेल सुनिश्चित करने के लिए सेना को थियेटर कमांड के रूप में पुनर्गठित करने के अभियान पर फिर से ध्यान केंद्रित होने के आसार हैं। सम्मानित सैन्य अधिकारी 61 वर्षीय चौहान रक्षा विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। 

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-

गहलोत नहीं लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में पिछले दिनों कांग्रेस विधायक दल की बैठक नहीं हो पाने और संबंधित घटनाक्रम के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगी और खुद को पार्टी अध्यक्ष पद की दौड़ से अलग कर लिया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनावी मुकाबले में फिलहाल शशि थरूर और दिग्विजय सिंह नजर आ रहे हैं। 

मौजूदा विदेश व्यापार नीति अगले साल मार्च तक के लिए बढ़ाई गई 
सरकार ने बृहस्पतिवार को वर्तमान विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) को मार्च, 2023 तक के लिए बढ़ा दिया। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना जारी कर एफटीपी को छह महीने के लिए आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी। डीजीएफटी ने कहा, ‘‘इस समय लागू एफटीपी 2015-20 को 31 मार्च, 2023 तक बढ़ा दिया गया है।'' विदेश व्यापार नीति की अवधि 30 सितंबर को खत्म होने वाली थी। 

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' के कर्नाटक चरण की शुरुआत आज से  
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा' का कर्नाटक चरण शुक्रवार को प्रारंभ होगा और पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी केरल की सीमा पर स्थित चामराजनगर जिले के गुंदलूपेट से होते हुए राज्य में प्रवेश करेंगे। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि कर्नाटक में इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की यात्रा को 21 दिन में लगभग 511 किलोमीटर का सफर तय करना है। 

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: दिग्विजय ने नामांकन पत्र लिया, शुक्रवार को कर सकते हैं नामांकन 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव का नामांकन पत्र लिया और कहा कि वह संभवतः शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के कार्यालय से नामांकन पत्र लेने के बाद सिंह ने कहा, "नामांकन पत्र लेने आया हूं। संभवतः कल भरूंगा।"  

उद्योगपति मुकेश अंबानी को मिली Z प्लस सिक्योरिटी, 58 कमांडो हर वक्त सुरक्षा में रहेंगे तैनात
 केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। मुकेश अंबानी को अब Z प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी जाएगी। मुकेश अंबानी को पहले से ही Z कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब Z प्लस कर दिया गया है। मुकेश अंबानी पर खतरा बढ़ने की खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट के बाद यह फैसला किया गया। अब उनकी सुरक्षा में कुल 58 कमांडो तैनात होंगे। इनमें 10 NSG के कमांडो शामिल होंगे। 

सोनिया से मिले पायलट, समूह 23 के नेताओं की भी हुई बैठक 
राजस्थान के राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद उनके विरोधी गुट के नेता सचिन पायलट ने भी गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और उन्हें राजस्थान के राजनीतिक संकट की जानकारी दी। पायलट ने सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद बताया कि उन्होंने राजस्थान की राजनीति को लेकर सोनिया गांधी के सारी स्थिति रखी है और अब उन्हीं को राजस्थान के मामले में अंतिम निर्णय लेना है।

प्रधानमंत्री मोदी नवरात्रि कार्यक्रम में हुए शामिल, की मां अम्बे की आरती  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार रात यहां जीएमडीसी मैदान में गुजरात सरकार द्वारा आयोजित नवरात्रि महोत्सव में भाग लिया और मां अम्बे की आरती की। गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर आए मोदी के साथ राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी थे। मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक गरबा नृत्य भी देखा। 

श्रीलंका जैसी हो सकती है भारत की स्थिति! अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ की चेतावनी
भारत के घटते विदेशी मुद्रा भंडार पर चिंता जताते हुए अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के एक शीर्ष पदाधिकारी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि अगर इस समस्या की अनदेखी की जाती रही, तो आगे चलकर देश को पड़ोसी श्रीलंका जैसे भीषण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। एआईबीईए के महासचिव सीएच वेंकटचलम ने इंदौर में एक बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार कम होता जा रहा है। हमारा आयात लगातार बढ़ रहा है, जबकि निर्यात घटता जा रहा है।

CBI ने इंटरपोल के साथ मिलकर चलाया ‘ऑपरेशन गरुड़‘  127 केस दर्ज और 175 गिरफ्तार 
केंद्रीय जांच आयोग (सीबीआई) ने देश भर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ विभिन्न चरणों में चलाये गये ‘‘ऑपरेशन गरूड़'' अभियान के तहत 127 नए मामले दर्ज किए गए, 175 लोगों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए। सीबीआई की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी में बताया गया कि विभिन्न जिलों के पुलिस बलों की मदद से चलाए गए विशेष अभियान में पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, और महाराष्ट्र शामिल रहा।  
 


  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News