PM मोदी आज 70,000 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Jun 13, 2023 - 05:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को नई भर्ती हुए लगभग 70,000 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। उनके कार्यालय ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर वह लोगों को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री मोदी 13 जून को सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लगभग 70,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। बयान के अनुसार नियुक्ति पत्र सरकार की ‘रोजगार मेला' पहल के तहत वितरित किए जाएंगे।

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
रक्षा मंत्री राजनाथ आज किसान सम्मेलन में होंगे शामिल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राजगढ़ जिले में आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि सिंह दोपहर करीब 1.30 बजे भोपाल पहुंचेंगे और दोपहर करीब दो बजे राजगढ़ पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि राजगढ़ में 'किसान महाकुंभ' कार्यक्रम के दौरान कृषि ऋण पर अर्जित ब्याज को लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा।

CM शिवराज ने सतपुड़ा भवन में लगी आग को लेकर केंद्र से मांगी मदद
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात कर सतपुड़ा भवन में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी दी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने प्रधानमंत्री को आग बुझाने के राज्य सरकार के प्रयासों और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों- आर्मी, एयरफोर्स,भेल, सीआईएएसएफ, एयरपोर्ट एवं अन्य से मिली मदद से भी अवगत कराया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मुख्यमंत्री को केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

शरद पवार को धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा) के प्रमुख शरद पवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुणे से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी सागर बर्वे एक निजी कंपनी में काम करता है। उन्होंने कहा, ‘‘ मामले की जांच कर रही मुंबई अपराध शाखा बर्वे को मुंबई लेकर आई। शहर में उसे एक अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उसे मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।''

अध्यादेश के खिलाफ रैली में भाजपा के भी लोग शामिल थे : केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (AAP) की राष्ट्रीय राजधानी में सेवाओं पर नियंत्रण से जुड़े अध्यादेश को लेकर बुलाई रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई कार्यकर्ता व समर्थक भी शामिल हुए। चिलचिलाती गर्मी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश 2023 के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में रविवार को हुई ‘‘महा रैली'' में हजारों लोग पहुंचे थे।

उबर, ओला- रैपिडो बाइक टैक्सी को बड़ा झटका
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें बाइक-टैक्सी एग्रीगेटर ‘रैपिडो' और ‘उबर' को राष्ट्रीय राजधानी में परिचालन की अनुमति दी गई थी और दिल्ली सरकार से कहा गया था कि नयी नीति बनाये जाने तक उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस राजेश बिंदल की एक अवकाशकालीन पीठ ने दोनों एग्रीगेटर को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा उनकी याचिकाओं पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध करने की स्वतंत्रता प्रदान की।

केजरीवाल ने भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार की राजनीति पूरी तरह बच्चों को शिक्षित करने पर निर्भर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ने ही दिल्ली में अपने शासनकाल में शिक्षा की बात नहीं की। केजरीवाल ने पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर में एक सरकारी विद्यालय के नये भवन का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘इस विद्यालय का निर्माण 1985 में किया गया था। सरकारें (भाजपा और कांग्रेस की) आईं। लेकिन उनके एजेंडे में शिक्षा नहीं थी।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही शिक्षा देने की बात नहीं की।

4 साल की बच्ची से पहले रेप फिर पत्थरों से कुचलकर मारा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक चार की बच्ची से बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी एक व्यक्ति की दया याचिका को खारिज कर दिया। राष्ट्रपति भवन ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने महाराष्ट्र में साल 2008 में एक चार साल की बच्ची से बलात्कार करने और पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या करने के दोषी व्यक्ति की दया याचिका खारिज की।सुप्रीम कोर्ट ने 3 मई 2017 में 55 साल के वसंत संपत दुपारे की दया याचिका को खारिज कर दिया था और उसकी फांसी बरबरार रखी थी।

पहली बार पटना से रांची के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस
पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन सोमवार को पटना से शुरू हो गया। पटना रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन तय कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर रवाना हुई और इसके रांची पहुंचने का समय दोपहर 1 बजे है। वापसी में यह दोपहर 2.20 बजे रांची से निकलेगी और रात 8.25 बजे पटना पहुंचेगी। पूर्व मध्य रेलवे (ECR), हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) बीरेंद्र कुमार ने बताया, “पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल शुरू हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News