PM Kisan 23rd Installment: PM किसान की 23वीं किस्त पर बड़ा अपडेट, अब बिना Farmer ID के खाते में नहीं आएंगे पैसे
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 08:03 AM (IST)
PM Kisan Yojana Farmer ID Card: करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर साल 6000 रुपये की मदद लेते हैं, तो अब आपको एक नया काम तुरंत करना होगा। सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए किसान आईडी कार्ड को अनिवार्य बनाने का फैसला किया है। इसका मतलब यह है कि अगर आपके पास यह खास पहचान पत्र नहीं होगा, तो 23वीं किस्त के 2000 रुपये आपके खाते में आने रुक सकते हैं।
क्या है यह डिजिटल कार्ड और क्यों है जरूरी?
सरकार अब हर किसान की एक अलग डिजिटल पहचान बना रही है, जो बिल्कुल Aadhar Card की तरह काम करेगी। इस कार्ड में आपकी जमीन, उगाई जाने वाली फसल और आपकी व्यक्तिगत जानकारी का पूरा ब्यौरा दर्ज होगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य सिस्टम से फर्जीवाड़े और बिचौलियों को पूरी तरह खत्म करना है। सरकार चाहती है कि योजना का पैसा केवल उन्हीं किसानों तक पहुंचे जो वास्तव में इसके हकदार हैं। यह डिजिटल फ्रेमवर्क खेती-किसानी को और भी आधुनिक और पारदर्शी बना देगा।
घर बैठे आसानी से खुद बनाएं अपनी आईडी
इस कार्ड को बनवाना बहुत ही आसान है। आप PM Kisan Portal या अपने राज्य की कृषि विभाग वाली वेबसाइट पर जाकर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आपको बस अपना आधार नंबर और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर डालना होगा। इसके बाद आपके फोन पर एक OTP आएगा। वेरिफिकेशन होते ही आपको अपनी जमीन के कागजात और बैंक खाते की जानकारी अपडेट करनी होगी, जिसके बाद आपकी डिजिटल आईडी तैयार हो जाएगी। अगर आप खुद यह नहीं कर पा रहे हैं, तो पास के किसी भी जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाकर भी इसे बनवा सकते हैं।
इन दो कामों के बिना भी अटक सकता है पैसा
सिर्फ ID Card बनवाना ही काफी नहीं है, आपको दो और जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। पहली यह कि आपकी e-KYC पूरी होनी चाहिए और दूसरी आपकी जमीन का रिकॉर्ड (लैंड सीडिंग) सरकारी पोर्टल पर अपडेट होना चाहिए। अक्सर इन्हीं छोटी गलतियों की वजह से पैसे खाते में नहीं पहुंच पाते। इसलिए पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस जरूर चेक कर लें और अगर कुछ भी पेंडिंग है, तो उसे तुरंत ठीक करवाएं ताकि अगली किस्त बिना किसी रुकावट के आपके बैंक खाते में आ सके।
