Canara Bank ATM Charges: केनरा बैंक ने बदले ATM के नियम, पैसे निकालना हुआ महंगा, जानें नए चार्ज

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 01:33 PM (IST)

नई दिल्लीः यदि आपका अकाउंट केनरा बैंक में तो यह खबर आपके काम की है। बैंक ने 1 सितंबर 2026 से ATM ट्रांजैक्शन से जुड़े कुछ नियमों और शुल्कों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत सामान्य बचत खाता ग्राहकों के लिए हर महीने मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की सीमा घटा दी गई है। वहीं, तय सीमा से अधिक ट्रांजैक्शन करने पर लगने वाले शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है।

हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों को इस बदलाव से राहत मिली है। उनके लिए मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सामान्य ग्राहकों के लिए फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सीमा घटी

केनरा बैंक ने सामान्य बचत खाता धारकों के लिए हर महीने मुफ्त वित्तीय और गैर-वित्तीय ATM ट्रांजैक्शन की संख्या 6 से घटाकर 5 कर दी है। इसका मतलब है कि अब सामान्य ग्राहक महीने में पांच ATM ट्रांजैक्शन तक ही मुफ्त कर सकेंगे। पांच से अधिक ट्रांजैक्शन करने पर बैंक के निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

वरिष्ठ नागरिक ग्राहकों के लिए मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें अभी भी हर महीने 8 मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती रहेगी। इस तरह ATM के नए नियमों का असर मुख्य रूप से सामान्य बचत खाता ग्राहकों पर पड़ेगा।

मुफ्त सीमा के बाद ATM से कैश निकालना भी महंगा

बैंक ने मुफ्त सीमा से अधिक ATM ट्रांजैक्शन पर लगने वाले शुल्क में भी बदलाव किया है। केनरा बैंक के ATM से मुफ्त सीमा के बाद कैश निकालने पर अब ₹23 प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क लगेगा। पहले यह शुल्क ₹20 था।

दूसरे बैंक के ATM से कैश निकालने पर शुल्क ₹23 प्रति ट्रांजैक्शन कर दिया गया है, जो पहले ₹17 था।
गैर-वित्तीय ATM ट्रांजैक्शन के लिए शुल्क ₹5 प्रति ट्रांजैक्शन ही रहेगा यानी यदि कोई सामान्य ग्राहक एक महीने में पांच मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की सीमा पार करता है, तो अतिरिक्त वित्तीय ट्रांजैक्शन पर उसे ज्यादा शुल्क देना पड़ सकता है।

Green PIN से जुड़ा शुल्क हुआ कम

केनरा बैंक ने कुछ मामलों में ग्राहकों को राहत भी दी है। Green PIN को दोबारा जनरेट करने का शुल्क ₹23 से घटाकर ₹5 कर दिया गया है। इससे Green PIN दोबारा जनरेट कराने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में कम शुल्क देना होगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News