PM Kisan Yojana: 21वीं किस्त की तारीख पर सस्पेंस खत्म! इस तारीख से पहले आ सकते हैं पैसे
punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 07:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिवाली की रौनक नजदीक आते ही देशभर के किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM KISAN) योजना की 21वीं किस्त को लेकर बेचैन हैं। किसानों के मन में बड़ा सवाल है कि क्या सरकार त्योहार से पहले ₹2,000 की यह राशि जारी कर देगी? उम्मीदें इसलिए भी प्रबल हैं क्योंकि हाल ही में बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के किसानों को यह किस्त पहले ही मिल चुकी है। आधिकारिक तौर पर बाकी राज्यों के लिए तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि अक्टूबर 2025 के अंत तक या दिवाली (20 अक्टूबर) से पहले रिलीज हो सकती है।
कुछ राज्यों में पहले ही जारी हुई 21वीं किस्त
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 सितंबर 2025 को पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए PM KISAN की 21वीं किस्त जारी की थी। इन राज्यों में हाल की बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के उद्देश्य से यह राशि पहले ही उनके खातों में हस्तांतरित कर दी गई। इसके बाद 7 अक्टूबर 2025 को जम्मू-कश्मीर के 8.55 लाख किसानों के लिए ₹171 करोड़ की राशि जारी की गई। उत्तराखंड के किसानों को भी पहले ही लाभ मिल चुका है।
मंत्री चौहान ने कहा कि यह किस्त किसानों को घरेलू जरूरतों, बीज-खाद खरीदने और फसल चक्र शुरू करने में मदद करेगी। अब तक योजना के तहत कुल ₹3.69 लाख करोड़ वितरित हो चुके हैं, जो 12 करोड़ से अधिक किसान परिवारों तक पहुंचे हैं।
21वीं पर अक्टूबर-नवंबर में आने की उम्मीद
20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को जारी की गई थी, जिसमें 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को ₹20,500 करोड़ की सहायता सीधे खातों में भेजी गई। योजना के तहत किस्तें हर चार महीने में जारी होती हैं, इसलिए 21वीं किस्त अक्टूबर या नवंबर 2025 में आने की संभावना है। कुछ रिपोर्ट्स में दिवाली से पहले रिलीज की उम्मीद जताई गई है, खासकर बिहार विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, जहां मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू होने से पहले भुगतान संभव है। हालांकि, सरकार ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
क्या है यह योजना और कैसे मिलती है मदद?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM KISAN) योजना फरवरी 2019 में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसान परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र किसान परिवार को प्रतिवर्ष ₹6,000 की सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों (प्रत्येक ₹2,000) में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है। यह राशि खेती के खर्चों और फसल के बीच आय के अंतर को पूरा करने में सहायक होती है।
पात्रता के लिए किसान को खेती योग्य भूमि का मालिक होना चाहिए, और आधार तथा बैंक खाते का सत्यापन आवश्यक है। सरकारी कर्मचारी, उच्च आय वाले पेशेवर और संस्थागत भूमि मालिक पात्र नहीं हैं।
e-KYC है अनिवार्य
PM KISAN के लाभ के लिए e-KYC कराना अनिवार्य है। किसान OTP आधारित e-KYC PM Kisan पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर आसानी से कर सकते हैं। इसके अलावा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर बायोमेट्रिक आधारित e-KYC भी पूरा करवा सकते हैं। यदि e-KYC अपूर्ण है, तो किस्त रुक सकती है। किसान पोर्टल पर जाकर लाभार्थी स्थिति भी चेक कर सकते हैं।
किसान संगठनों ने सरकार से अपील की है कि दिवाली से पहले पूर्ण रिलीज सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहार की तैयारियों में किसानों को राहत मिले। विशेषज्ञों का कहना है कि e-KYC और आधार-बैंक लिंकिंग पूर्ण करने से किसान बिना किसी विलंब के लाभ उठा सकेंगे। किसान तत्काल पोर्टल पर जाकर अपनी स्थिति जांचें और आवश्यक दस्तावेज अपडेट करें। यह योजना न केवल किसानों की आर्थिक मजबूती सुनिश्चित करती है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करती है।