OYO होटल के कमरे में शिक्षक पति गर्लफ्रेंड के साथ मना रहा था रंगरलियां, पीछा कर पत्नी ने रंगे हाथ पकड़ा और फिर...

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 02:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हरियाणा के रोहतक जिले के झज्जर शहर के देशवाल कॉम्प्लेक्स स्थित एक OYO होटल में उस समय भारी हंगामा हो गया जब एक विवाहित महिला ने अपने पति को किसी अन्य महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला का पति पेशे से सरकारी टीचर है। अपनी आंखों के सामने पति की सच्चाई आने के बाद पीड़ित पत्नी ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गया। इस संवेदनशील मामले पर पुलिस फिलहाल चुप्पी साधे हुए है।

शक ने खोला राज: रोहतक से झज्जर तक पीछा
पीड़ित महिला, जो मूल रूप से रोहतक की रहने वाली है, ने बताया कि उसे काफी समय से अपने पति की हरकतों पर संदेह था। मंगलवार को जब उसे भनक लगी, तो उसने चुपके से अपने पति का पीछा करना शुरू किया। पीछा करते हुए वह झज्जर के होटल तक पहुंच गई, जहां उसने अपने पति को उसकी महिला मित्र के साथ देख लिया। इसके बाद वहां काफी देर तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा।

पुरानी रंजिश और गंभीर आरोप
मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाते हुए महिला ने बेहद संगीन खुलासे किए हैं। उसका आरोप है कि पति के साथ पकड़ी गई महिला भी शिक्षा विभाग में कार्यरत है। पीड़ित पत्नी के अनुसार, इन दोनों के अवैध रिश्तों के चलते ही उक्त महिला के पति ने साल 2024 में आत्महत्या कर ली थी। इस सुसाइड केस में यह दोनों आरोपी रह चुके हैं और हाल ही में जमानत पर बाहर आए हैं।

परिवार और भविष्य की चिंता
भावुक होते हुए पीड़िता ने कहा कि इन रिश्तों की वजह से उसका हंसता-खेलता घर उजड़ गया है और बच्चों का भविष्य दांव पर लग गया है। महिला का दावा है कि उसे पहले जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं। हालांकि पुलिस दोनों को थाने ले गई है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी कानूनी कार्रवाई या FIR की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News