पुणे में सनसनीखेज भ्रष्टाचार का खुलासा: ACB ने उप-विभागीय अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा, 2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार!
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 10:38 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पुणे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Anti Corruption Bureau ने एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी अधिकारी गोविंद शिंदे जुन्नर-आंबेगांव क्षेत्र में उप-विभागीय अधिकारी (SDO) के पद पर तैनात थे।
2 लाख की रिश्वत लेते ही दबोचा
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की और फिर ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। शनिवार दोपहर जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कंप्लीशन सर्टिफिकेट के बदले मांगी थी घूस
जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिकारी ने एक भवन का कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी जानकारी सीधे एंटी करप्शन ब्यूरो को दी, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने का ऑपरेशन चलाया गया।
लंबे समय से चल रहा था खेल?
प्रारंभिक जांच के संकेत बताते हैं कि आरोपी पहले से भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है। हालांकि इस बात की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। ACB अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
आगे और खुलासों के संकेत
जांच एजेंसी का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर किसी और की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
