IPL के बीच आई दुखद खबर: मुंबई के होटल के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला आईपीएल इंजीनियर का शव
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 01:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांच के बीच मुंबई से एक दुखद खबर सामने आई है। टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्ट क्रू का हिस्सा रहे 76 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह मुंबई के मरीन ड्राइव स्थित मशहूर ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे, जहां सोमवार को उनका शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला।
मैच के बाद नहीं मिला कोई जवाब
जानकारी के मुताबिक, इयान 24 मार्च से ही आईपीएल की कवरेज के सिलसिले में होटल में रुके थे। 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मुकाबले के बाद वह अपने कमरे (नंबर 2715) में लौट गए थे। अगले दिन यानी 30 मार्च को जब होटल रिसेप्शन से उन्हें फोन किया गया, तो वहां से कोई जवाब नहीं आया। बार-बार संपर्क करने की कोशिश नाकाम होने के बाद होटल स्टाफ उनके कमरे तक पहुंचा।
Master Key से खुला दरवाजा, जांच में जुटी पुलिस
जब कमरे के अंदर से कोई हलचल महसूस नहीं हुई, तो स्टाफ ने मास्टर की (Master Key) का इस्तेमाल कर दरवाजा खोला। अंदर का नजारा हैरान करने वाला था—इयान जमीन पर बेसुध गिरे हुए थे। होटल के इन-हाउस डॉक्टर को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल इसे आकस्मिक मृत्यु (ADR) के तौर पर दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और शुरुआती रिपोर्ट में अभी तक किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
