सरेआम कत्ल का खौफनाक मंजर… पति ने पत्नी को काटा, फिर कुचलकर खत्म कर दिया
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 11:09 PM (IST)
नेशनल डेस्क: कर्नाटक के Kalaburagi जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अफजलपुर इलाके के पास एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे देखकर लोग सन्न रह गए हैं।
पति ने रची खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार मृतका शैला (28) और आरोपी पति अक्षय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों Baramati के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आपसी शक और रिश्तों में तनाव के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
बीच रास्ते में रोकी गाड़ी, फिर किया हमला
घटना के दिन आरोपी अपनी पत्नी और माता-पिता के साथ कार से जा रहा था। रास्ते में उसने एक सुनसान जगह पर गाड़ी रोकी और पत्नी को बाहर बुलाया। इसके बाद उसने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपी ने बेरहमी जारी रखी।
घायल महिला को कार से कुचलकर मार डाला
हमले के बाद भी जब महिला जिंदा थी और वहां से भागने की कोशिश कर रही थी, तब आरोपी ने कार चढ़ाकर उसे कुचल दिया। इस खौफनाक वारदात में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का यह पूरा दृश्य वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
मौके पर मौजूद लोग बने रहे मूकदर्शक
इस घटना का एक और चिंताजनक पहलू सामने आया है। मौके पर मौजूद कई लोग पूरी घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते नजर आए, जिसने समाज की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
चार साल पहले हुई थी शादी, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की शादी को करीब चार साल हुए थे। फिलहाल हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए जांच की जा रही है। यह घटना न केवल एक जघन्य अपराध को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि समाज में आपात स्थिति में लोगों की प्रतिक्रिया कितनी बदल चुकी है।
