भारत में 2300 से ज्यादा कुत्ते और 1415 घोड़े दे रहे पुलिस में सेवा, जानए किस राज्य के पास कितने डॉग्स
punjabkesari.in Thursday, Dec 31, 2020 - 12:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में 2300 से ज्यादा कुत्ते और 1415 घोड़े पुलिस को सेवा दे रहे हैं। इस मामले में गुजरात सबसे पहले पायदान पर है और फिर इसके बाद उत्तर प्रदेश तथा महाराष्ट्र का नंबर है। पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो द्वारा जारी किए गए एक जनवरी 2020 तक के आंकड़ों के अनुसार गुजरात पुलिस की सेवा में सर्वाधिक घोड़े और ऊंट हैं तथा महाराष्ट्र पुलिस की सेवा में सर्वाधिक ‘स्निफर डॉग्स' तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा में सर्वाधिक ‘ट्रैकर डॉग्स' हैं। ब्यूरो ने नवीनतम ब्योरे में कहा कि भारत में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ‘ट्रैकर्स डॉग्स', ‘स्निफर डॉग्स', घोड़े और ऊंटों सहित 3,867 जानवर हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की इकाई पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार देश में कुल मिलाकर 2,365 कुत्ते (1,516 स्निफर और 849 ट्रैकर्स), 1,415 घोड़े, 28 ऊंट और 59 अन्य जानवर हैं।
आंकड़ों पर एक नजर
- राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में गुजरात पुलिस की सेवा में सर्वाधिक 574 जानवर हैं। गुजरात पुलिस के पास 422 घोड़े, 69 स्निफर, 49 ट्र्रैकर्स कुत्ते हैं। इसके अलावा इसके पास 28 ऊंट और छह अन्य श्रेणी के जानवर हैं।
- उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा में 428 जानवर हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के पास 215 घोड़े, 96 स्निफर और 117 ट्रैकर्स कुत्ते हैं। हालांकि, इस राज्य की पुलिस से संबंधित ब्योरे में ऊंटों और ‘अन्य' जानवरों से संबंधित आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
- महाराष्ट्र पुलिस की सेवा में 298 जानवर हैं। महाराष्ट्र पुलिस के पास 194 स्निफर और 104 ट्रैकर्स कुत्ते हैं, लेकिन कोई घोड़ा या ऊंट नहीं है।
- मध्य प्रदेश पुलिस की सेवा में 244 जानवर हैं। मध्य प्रदेश पुलिस के पास 132 घोड़े, 68 स्निफर और 44 ट्रैकर्स कुत्ते हैं।
- तेलंगाना पुलिस की सेवा में 235 जानवर हैं।
- तमिलनाडु में 226 जानवर
- कर्नाटक में 208 जानवर
- पश्चिम बंगाल में 197 जानवर
- राजस्थान में 187 जानवर
- आंध्र प्रदेश में 181 जानवर
- केरल में 157 जानवर
- बिहार में 147 जानवर
- पंजाब पुलिस की सेवा में 127 जानवर शामिल हैं।
- वहीं, दिल्ली पुलिस की सेवा में 86 जानवर शामिल हैं जिनमें 15 ट्रैकर्स और 59 स्निफर कुत्ते तथा 12 घोड़े शामिल हैं।