तेंदुए से जान बचाने के लिए छत से कूदा अफसर, Video में देखें खौफनाक मंजर

punjabkesari.in Monday, Apr 24, 2017 - 04:58 PM (IST)

नई दिल्ली: जंगल में रहने वाले तेंदुए के शहरी और गांवों में दिखाई देने की घटनाएं दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। कुछ घटनाओं में जानवर द्वारा स्थानीय लोगों पर हमला करने का मामला भी सामने आया है। पिछले हफ्ते ओडिशा के कांताबंजी फॉरेस्ट रेंज के कुरुली गांव में एक तेंदुए को गांव में देखा गया। तेंदुआ फॉरेस्ट रेंजर पर हमला करते हुए कैमरे में कैद हो गया। गांव में तेंदुए के दिखाई देने और एक लड़के पर हमला किए जाने की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी वन विभाग को दी।

जानकारी मिलने के बाद विजयानंद खुंटा नाम के अधिकारी को भेजा गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि फॉरेस्ट रेंजर समेत गांव वाले तेंदुए को ढूंढ रहे हैं। इसी दौरान वीडियो में तेंदुआ एक छत पर नजर आता है और फॉरेस्ट रेंजर पर हमला कर देता है। फॉरेस्ट रेंजर भी छत पर मौजूद होता है। तेंदुए द्वारा किए गए हमले से बचने के लिए और जान बचाने के लिए रेंजर छत से छलांग लगा देता है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेंदुए ने रेंजर को करीब-करीब पकड़ लिया था। हालांकि वह तेंदुए के चुंगल से बचने में कामयाब रहा। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक तेंदुए गाय के तबेले में छिपा हुआ था। आखिरकार 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। तेंदुए ने फॉरेस्ट अफसर समेत तीन लोगों को जख्मी कर दिया। गौरतलब है कि तेंदुए द्वारा लोगों पर हमले के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News