Gold/Silver New Price : एक बार फिर सोने-चांदी की कीमतों में आया भारी उछाल, जानें अब के नए रेट

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 08:15 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध का सीधा असर अब आम लोगों की जेब पर दिखने लगा है। अनिश्चितता के माहौल में निवेशकों की सुरक्षित ठिकाने की तलाश ने सोने-चांदी की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है। India Bullion and Jewellers Association (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत एक ही दिन में 8,374 रुपये बढ़कर 1,67,471 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। शुक्रवार को यही सोना करीब 1.59 लाख रुपये पर था।

सिर्फ 24 कैरेट ही नहीं, 22 और 18 कैरेट सोने के दामों में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई है। शादियों के सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी बजट का पूरा गणित बिगाड़ सकती है।

चांदी ने भी मचाई हलचल

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी चौंकाने वाली उछाल आई है। सोमवार को चांदी 23,148 रुपये उछलकर 2,89,848 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वायदा बाजार में भी तेजी का रुख कायम है। Multi Commodity Exchange of India (MCX) पर चांदी का मई कॉन्ट्रैक्ट 2.95 लाख रुपये के स्तर को छू चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक अस्थिरता के बीच निवेशक चांदी को भी ‘सेफ हेवन’ मानकर तेजी से खरीद रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी तेजी

ग्लोबल मार्केट में भी कीमती धातुओं की चमक बढ़ी है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 2.78% की तेजी के साथ 5,397 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.90% की बढ़त के साथ 95.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य पूर्व में बढ़ता युद्ध जोखिम निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर धकेल रहा है, जिससे सोना-चांदी में लगातार खरीदारी हो रही है।

आगे क्या रहेगा रुख?

एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष ने सोने को मजबूती दी है। उनका कहना है कि अगर सोना 1,64,000 रुपये के अहम सपोर्ट स्तर के ऊपर टिके रहता है, तो इसमें आगे भी तेजी बनी रह सकती है। हालांकि 1,72,000 रुपये का स्तर इसके लिए बड़ी रुकावट साबित हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News