Gold Silver Price Hike : अचानक चांदी ने दिया बड़ा झटका, सोने ने भी लगाई छलांग... जानें अब के नए रेट

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 09:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अगर आप इस सीजन में सोना-चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपको अपना बजट दोबारा देखना पड़ सकता है। सर्राफा बाजार में बुधवार को जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया, जिसने निवेशकों और खरीदारों दोनों को चौंका दिया है। खासकर चांदी की कीमतों में एक ही दिन में भारी तेजी देखने को मिली है।

चांदी में 11,000 रुपये की छलांग, सोना भी तेज

दिल्ली बुलियन मार्केट में चांदी ने रिकॉर्ड बनाते हुए एक दिन में करीब 11,000 रुपये (लगभग 5%) की उछाल दर्ज की। इसके साथ ही चांदी का भाव बढ़कर 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया। इससे एक दिन पहले चांदी 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी।वहीं, 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 3,200 रुपये (करीब 2.09%) की बढ़त हुई है। सोना अब 1,56,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है, जबकि मंगलवार को इसका भाव 1,53,200 रुपये था।

अमेरिका-ईरान समझौते से बदला बाजार का रुख

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे घरेलू कारण नहीं बल्कि वैश्विक घटनाक्रम है। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के संघर्षविराम पर सहमति बनने से बाजार में नई हलचल आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई रोकने के बदले ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की शर्त रखी थी, जिस पर सकारात्मक संकेत मिले हैं। इस घटनाक्रम से वैश्विक वित्तीय बाजारों में राहत का माहौल बना है।

डॉलर और कच्चे तेल में नरमी से मिला सहारा

कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने सोना-चांदी को मजबूती दी है। निवेशकों ने एक बार फिर सुरक्षित निवेश के तौर पर कीमती धातुओं की ओर रुख किया है, जिससे कीमतों में तेजी आई।

ग्लोबल मार्केट में भी दिखा असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। हाजिर सोना 97.48 डॉलर (2.07%) बढ़कर 4,803.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, चांदी करीब 6% उछलकर 77.33 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक हालात के अनुसार कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर निर्णय लेने की सलाह दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News