अंजू और सीमा हैदर में उलझे रहे लोग, शाहजहांपुर में साउथ कोरिया से आई बहू, शहर में हो मच गया शोर

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 11:34 PM (IST)

नेशनल डेस्कः एक ओर अपने प्यार के लिए पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर और भारत से पाकिस्तान पहुंची अंजू की चर्चा है। उधर, सीमा हैदर जैसा एक और मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से सामने आया है। अपने प्यार को पाने के लिए साउथ कोरिया की लड़की शाहजहांपुर पहुंच गई। साउथ कोरिया की 23 साल की लड़की किम बोह नी को शाहजहाँपुर का लड़का सुखजीत सिंह इतना पसंद आया कि वह दोनों देशों की सीमा पार कर गई और भारत आई।
PunjabKesari
शाहजहाँपुर पहुँचने के बाद उसने अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। दोनों ने शाहजहाँपुर के गुरुद्वारे में सात फेरे लिए। इस अनोखी शादी की इस समय खूब चर्चा हो रही है। इस शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने आये थे। साउथ कोरियन बहू को भारतीय संस्कार और परंपराएं खूब भा रहे हैं। दोनों के बीच 2 साल पहले साउथ कोरिया के रेस्टोरेंट से शुरू हुआ प्यार रविवार को शादी तक पहुंच गया।
PunjabKesari
दो साल पहले शुरू हुई लव स्टोरी
जानकारी के मुताबिक पुवायां तहसील के उदना गांव के रहने वाले सुखजीत सिंह 6 साल पहले साउथ कोरिया में नौकरी करने गए थे। वे बुसान शहर के एक कॉफी रेस्टोरेंट में काम करते थे। इसी रेस्टोरेंट में 23 साल की किम बोह नी भी जॉब करती थीं। दोनों के बीच प्यार हो गया। साउथ कोरिया की लड़की सुखजीत को बेइंतहा प्यार करने लगी। इसी बीच छह महीने के लिए सुखजीत भारत अपने घर आए थे। किम बोह नी जब सुखजीत से दूर नहीं रह पाईं तो वे भी भारत आ गईं और शाहजहांपुर सुखजीत के घर पहुंच गईं
PunjabKesari
किम बोह नी को अपने घर पर देखकर सुखजीत की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दो दिन पहले सुखजीत सिंह ने अपनी प्रेमिका से सिख रीति-रिवाज से गुरुद्वारे में धूमधाम से शादी कर ली। किम अब सुखजीत के घर पर रह रही हैं। उन्हें यहां के घर, सड़कें, खेत-खलिहान और लोग खूब भा रहे हैं। शादी के बाद दोनों बेहद खुश हैं। परिवार वाले भी साउथ कोरियन बहू पाकर खुश हैं। सुखजीत सिंह का कहना है कि अब वो किम बोह नी साथ साउथ कोरिया में ही बसना चाहते हैं ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News