भारत में घटी भूखे लोगों की संख्या, दुनिया में 69 करोड़ लोगों के पास खाना नहीं

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2020 - 04:39 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः कोरोना संकट के बीच भारत के ल‍िए एक अच्‍छी खबर है। देश में भूखे लोगों की संख्‍या 6 करोड़ घट गई है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की र‍िपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। संयुक्‍त राष्‍ट्र की र‍िपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में करीब 69 करोड़ लोग अल्पपोषित (या भूखे) हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि बच्चों में बौनेपन की समस्या कम हो गई है लेकिन देश के वयस्कों में मोटापा बढ़ रहा है। सोमवार को जारी, ‘विश्व में खाद्य सुरक्षा एवं पोषण स्थिति रिपोर्ट' के  मुताबिक 2019 में दुनिया भर में करीब 69 करोड़ लोग अल्पपोषित (या भूखे) हैं। यह संख्या 2018 के मुकाबले एक करोड़ ज्यादा है।

PunjabKesari

भूख एवं कुपोषण को खत्म करने की प्रगति पर नजर रखने वाली सबसे आधिकारिक वैश्विक अध्ययन माने जाने वाली इस रिपोर्ट में कहा गया कि भारत में अल्पपोषित लोगों की संख्या 2004-06 के 24.94 करोड़ से घटकर 2017-19 में 18.92 करोड़ हो गई। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो भारत की कुल आबादी में अल्पपोषण की व्यापकता 2004-06 में 21.7 प्रतिशत से घटकर 2017-19 में 14 प्रतिशत हो गई। इसमें कहा गया कि दो उपक्षेत्रों जिनमें अल्पपोषण में कमी दिखी है- पूर्वी एवं दक्षिण एशिया में- वहां महाद्वीप की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं- चीन और भारत का वर्चस्व है। 

PunjabKesari

बच्चों में बौनेपन की समस्या घटी
इस रिपोर्ट को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष (IAFD) , संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF), संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से संयुक्त रूप से तैयार किया गया है। इसमें यह भी कहा गया कि भारत में पांच साल से कम उम्र के बच्चों में बौनेपन की समस्या भी 2012 में 47.8 प्रतिशत से घटकर 2019 में 34.7 प्रतिशत हो गई यानि 2012 में यह समस्या 6.2 करोड़ बच्चों में थी जो 2019 में घटकर 4.03 करोड़ हो गई। 

PunjabKesari

मोटापे का शिकार हुए युवा
रिपोर्ट में कहा गया कि ज्यादातर भारतीय वयस्क 2012 से 2016 के बीच मोटापे के शिकार हुए। मोटापे से ग्रस्त होने वाले वयस्कों की संख्या 2012 के 2.52 करोड़ से बढ़कर 2016 में 3.43 करोड़ हो गई यानि 3.1 प्रतिशत से बढ़कर 3.9 प्रतिशत हो गई। वहीं खून की कमी (अनीमिया) से प्रभावित प्रजनन आयु वर्ग (15-49) की महिलाओं की संख्या 2012 में 16.56 करोड़ से बढ़कर 2016 में 17.56 करोड़ हो गई। 0-5 माह के शिशु जो पूरी तरह स्तनपान करते हैं उनकी संख्या 2012 के 1.12 करोड़ से बढ़कर 2019 में 1.39 करोड़ हो गई। एशिया में भूखों की संख्या सबसे ज्यादा है लेकिन यह अफ्रीका में भी तेजी से बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक दुनियाभर में महामारी Covid-19 के कारण 2020 के अंत तक 13 करोड़ और लोग भूख की गंभीर समस्या का सामना करने पर मजबूर हो जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News