अब भारत विरोधी नारे लगाना होगा ''अपराध'', मालदीव सरकार देगी लोगों को यह सजा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 01, 2022 - 10:37 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: भारत और मालदीव में हमेशा के अच्छे पड़ोसी रहे हैं लेकिन पिछले कुछ सालों से चीन की बढ़ती गतिविधियों के कारण मालदीव णनीतिक रूप से भारत से दूर होता जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर मालदीव से कई वीडियो सामने आईं, जिसमें लोग ‘इंडिया आउट’ (India Out) की टी-शर्ट पहने भारत सरकार का विरोध जताते नजर आ रहे हैं। ऐसे में इस तरह के प्रदर्शनों को रोकने के लिए सत्ताधारी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) ने बड़ा कदम उठाया है।
मालदीव में चीन समर्थक पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन की तरफ से भारत के खिलाफ चलाए जा रहे ‘इंडिया आउट’ अभियान को मालदीव सरकार अवैध घोषित करने के लिए नया विधेयक लेकर आ रही है। 19 दिसबंर को वहां के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया था कि भारत के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठ और नफरत को लेकर मालदीव सरकार चिंतित है. भारत हमारा सबसे करीबी द्विपक्षीय साझेदार है, लेकिन कुछ समूह और नेता संबंधों को खराब करने के लिए प्रॉपेगैंडा फैला रहे हैं।
नारे लगाने पर लगेगा जुर्माना
नए विधेयक में भारत विरोधी नारे लगाने वालों से 20,000 मालदीवियन रुफिया का जुर्माना वसूला जाएगा, इसके साथ ही 6 महीने की जेल या फिर 1 साल के लिए नजरबंद किया जा सकता है। मालदीव में पत्रकार अहमद अजान ने ट्वीट करते हुए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा- ‘मालदीव सरकार ने India Out नारे के प्रयोग को अपराध घोषित करने का फैसला किया है, सत्ताधारी पार्टी द्वारा तैयार किए गए विधेयक के मुताबिक, इस अभियान में हिस्सा लेने वालों को 6 माह तक की जेल हो सकती है।
इसलिए भारत से नाराज मालदीव?
मालदीव के लोग वहां मौजूद भारतीय सैनिकों और उपकरणों को अपने देश से निकालने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, इसकी शुरुआत 2018 में हुई थी। ऐसा पहली बार नहीं है जब मालदीव में भारतीय सेना और भारत सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए हैं। ऐसा ही विरोध साल 2012 में हुआ था, जिसके बाद भारतीय एयरपोर्ट ऑपरेटर जीएमआर को उस साल मालदीव छोड़ भारत लौटना पड़ा था।