नोट बदलने के मामले मे आरबीआई के दो कर्मचारी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Dec 18, 2016 - 09:37 AM (IST)

नई दिल्ली : सीबीआई ने 1.99 करोड़ रुपए को 2,000 और 100 रुपए के नोटों में कथित तौर पर बदलने को लेकर बेंगलूरु में आरबीआई की नकदी विभाग के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ विशेष सहायक सदानंद नाइक और विशेष सहायक एके कविन को अनधिकृत रूप से नोट बदलने को लेकर गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और धोखाधड़ी के आरोपों के अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को बेंगलूरु की एक विशेष अदालत ने चार दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। सीबीआई प्रवक्ता देवप्रीत सिंह ने बताया कि आरोप है कि दोनों आरोपी और आरबीआई, बेंगलुरू के अन्य अज्ञात अधिकारियों ने अन्य अज्ञात लोगों के साथ आपराधिक साजिश रची। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अन्य अज्ञात अधिकारियों (जिन्हें नए नोट की जिम्मेदारी दी गई थी) के साथ फर्जी तरीके से 1.99 करोड़ रुपए के नए नोट आरबीआई अधिकारियों और अन्य को दिए।

आरोप है कि नोटों की अदला बदली केंद्रीय बैंक द्वारा तय सीमा का उल्लंघन करते हुए किया गया। गौरतलब है कि इससे पहले सीबीआई ने एक अलग मामले में आरबीआई के एक अन्य कर्मचारी को गिरफ्तार किया था। उस मामले में छह लाख रुपए के नोट उसने बदले थे। उसने स्टेट बैंक ऑफ मैसूर के अधिकारियों पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए एेसा किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News